England vs Sri Lanka, T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 का रोमांच जारी है. रविवार को पल्लेकेले में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ ऐतिहासिक जीत हासिल की. इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 146 रनों का स्कोर खड़ा किया था. ऐसा लगा कि श्रीलंकन टीम आसानी से लक्ष्य का पीछा कर लेगी, लेकिन इंग्लिश गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान को 95 रनों पर ढेर कर दिया. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में श्रीलंका के खिलाफ ये इंग्लैंड की लगातार 12वीं जीत है.
इस शानदार जीत से जहां इंग्लैंड ने सेमीफाइनल की तरफ मजबूती से कदम बढ़ाया है, वहीं श्रीलंकाई टीम संकट में फंस गई है. करारी शिकस्त से उनका नेट रन रेट भी बहुत खराब हुआ है और अब उनके लिए आगे का सफर आसान नहीं है. यूं कहें कि सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका को कुछ करिश्मा करना होगा तो गलत नहीं है.
सेमीफाइनल का सफर अब श्रीलंका के लिए नहीं आसान
इंग्लैंड के खिलाफ 51 रनों की शर्मनाक हार के बाद श्रीलंकाई टीम ग्रुप-2 के पॉइंट्स टेबल पर सबसे नीचे पहुंच गई है. दरअसल, शनिवार को पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड मैच बारिश की वजह से धुल गया था और इसी वजह से दोनों टीम को 1-1 अंक मिले थे. वहीं, श्रीलंका सुपर-8 के अपने पहले मैच में बुरी तरह हार गया और उनका नेट रन रेट भी -2.550 है. इसका मतलब साफ है कि आने वाले दो मैचों में जीत दर्ज करने के बावजूद श्रीलंका सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो सकता है.
नेट रन रेट के कारण बिगड़ेगा खेल
श्रीलंका का मौजूदा नेट रन रेट उन्हें सेमीफाइनल की रेस से बाहर कर सकता है. सुपर-8 में अब उनका सामना पाकिस्तान और न्यूजीलैंड से होगा. अगर वे ये दोनों मुकाबले जीत भी जाते हैं तो भी 4 अंक तक ही पहुंच पाएंगे. ऊपर से उनका नेट रन रेट बहुत खराब है. अगर श्रीलंका को सेमीफाइनल में पहुंचने के चांस को बरकरार रखना है तो उन्हें पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को बड़े अंतर से हराना होगा.
बता दें कि आईसीसी के नियम के अनुसार सुपर-8 में मौजूद दो ग्रुप में से 2-2 टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएगी. अगर पॉइंट्स टेबल पर दो या अधिक टीमों के अंक बराबर रहेंगे तो फैसला नेट रन रेट से होगा. इस लिहाज से देखें तो श्रीलंका के लिए आगे का सफर बिल्कुल आसान नहीं है.