Last Updated:
How can Sri Lanka qualify for T20 WC 2026 semifinals: इंग्लैंड के हाथों 51 रनों की करारी हार ने श्रीलंका की सेमीफाइनल की टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में उम्मीदों को तगड़ा झटका दिया. पल्लेकेले में मिली इस हार के बाद मेजबान टीम अब अंक तालिका में सबसे नीचे खिसक गई है. लेकिन क्या दासुन शनाका की अगुआई वाली टीम के लिए सारे रास्ते बंद हो चुके हैं? जानिए न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले ‘करो या मरो’ के मुकाबलों का पूरा गणित और वो समीकरण, जो अब भी श्रीलंका को अंतिम चार में पहुंचा सकते हैं.
इंग्लैंड से हार के बाद टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में ऐसे पहुंच सकता है श्रीलंका.
नई दिल्ली. श्रीलंका की शुरुआत टी20 वर्ल्ड कप सुपर-8 में किसी बुरे सपने जैसी रही.पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 51 रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी. इस हार ने न केवल श्रीलंकाई प्रशंसकों का दिल तोड़ा है, बल्कि मेजबान टीम के सेमीफाइनल की राह को भी बेहद पेचीदा बना दिया है. श्रीलंका को इस शर्मनाक हार तक पहुंचाया उसके बल्लेबाजों ने. गेंदबाजों ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाए रखा लेकिन जब बल्लेबाजों की बारी आई तब उसके बैटर्स ने कप्तान दासुन शनाका को निराश किया. खुद शनाका भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे.
इंग्लैंड की ओर से रखे गए 148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम दबाव नहीं झेल सकी. पूरी टीम महज 16.4 ओवरों में 95 रनों पर सिमट गई. इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने कोई भी बल्लेबाज टिक कर खेलने का जज्बा नहीं दिखा सका. विल जैक्स ने अपनी फिरकी का जादू चलाते हुए 22 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद और लियाम डॉसन ने दो-दो विकेट लेकर श्रीलंका की कमर तोड़ दी.यह इंग्लैंड के खिलाफ श्रीलंका की लगातार 12वीं टी20 हार है, जो मनोवैज्ञानिक रूप से टीम के लिए बड़ा झटका है.
इंग्लैंड से हार के बाद टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में ऐसे पहुंच सकता है श्रीलंका.
सुपर-8 ग्रुप 2: पॉइंट्स टेबल का मौजूदा हाल
इंग्लैंड की जीत ने उन्हें +2.550 के विशाल नेट रन-रेट के साथ शीर्ष पर पहुंचा दिया है. वहीं, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच पिछला मैच बेनतीजा रहने के कारण दोनों टीमों के पास 1-1 अंक है. श्रीलंका फिलहाल शून्य अंक और -2.550 के नेट रन-रेट के साथ तालिका में सबसे नीचे चौथे स्थान पर है.
कैसे सेमीफाइनल में पहुंचेगा श्रीलंका?
श्रीलंका के लिए अब हर मैच ‘करो या मरो’ की स्थिति वाला है. 2014 की चैंपियन टीम को अगर 12 साल बाद सेमीफाइनल का टिकट कटाना है, तो उन्हें अपने अगले दो मुकाबले न्यूजीलैंड (25 फरवरी) और पाकिस्तान (28 फरवरी) के खिलाफ हर हाल में जीतने होंगे. यदि टीम एक भी मैच हारती है, तो वे अधिकतम 2 अंकों तक ही पहुंच पाएंगे, जो क्वालीफाई करने के लिए पर्याप्त नहीं होंगे.
नेट रन-रेट (NRR) में बड़ा सुधार
इंग्लैंड से मिली 51 रनों की हार ने श्रीलंका के रन-रेट को पाताल में धकेल दिया है. उन्हें न्यूजीलैंड और पाकिस्तान को न केवल हराना होगा, बल्कि बड़े अंतर से मात देनी होगी ताकि उनका नेटरन रेट पाकिस्तान और न्यूजीलैंड से बेहतर हो सके. श्रीलंका को उम्मीद करनी होगी कि इंग्लैंड अपने अगले दोनों मैच (पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ) जीत जाए.अगर इंग्लैंड इन दोनों को हरा देता है, तो वे 6 अंकों के साथ टॉप करेंगे. ऐसे में दूसरे स्थान के लिए पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच जंग होगी. यदि श्रीलंका अपने दोनों मैच जीतता है, तो उसके 4 अंक होंगे और वह दूसरे स्थान पर कब्जा कर सकता है.
इंग्लैंड की राह आसान
हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली इंग्लिश टीम अब सेमीफाइनल से महज एक कदम दूर है. उन्हें अपने अगले दो मैचों में से सिर्फ एक जीत की दरकार है. यदि इंग्लैंड एक भी मैच जीतता है, तो वे 4 अंकों के साथ क्वालीफाई कर जाएंगे, क्योंकि पाकिस्तान या न्यूजीलैंड हार की स्थिति में 3 अंकों से आगे नहीं बढ़ पाएंगे. श्रीलंका का अगला मुकाबला बुधवार, 25 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में न्यूजीलैंड से होगा. इसके बाद वे 28 फरवरी को वापस पल्लेकेले में पाकिस्तान से भिड़ेंगे.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें