Last Updated:
Jabalpur Road Accident: जबलपुर के माढ़ोताल थाने अंतर्गत आईटीआई कॉलेज के पास कंटेनर ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मारी, जिसमें डिंडोरी की सुमन भवेदी की दर्दनाक मौत हो गई. पुलिस ने ट्रक चालक गिरफ्तार किया. हादसा देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए…
जबलपुर सड़क हादसा.
Jabalpur News: जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में आईटीआई कॉलेज के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसे ने झकझोर दिया. घटना रविवार शाम करीब 5 बजे की है. जब डिंडोरी जिले की निवासी सुमन भवेदी (25) अपनी दोस्त राखी मरावी और सोनू बेन के साथ स्कूटी पर सवार होकर सूखा स्थित मोर रिसोर्ट जा रही थी. सुमन कैटरिंग का काम करने के लिए निकली थी. तभी दीनदयाल चौक की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक कंटेनर ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पर सबसे पीछे बैठी सुमन नीचे गिर गई. ट्रक का चक्का उसकी गर्दन पर से गुजर गया, जिससे सिर धड़ से अलग हो गया. मौके पर ही मौत हो गई. इस भयानक दृश्य ने आसपास के लोगों को स्तब्ध कर दिया. हादसे में राखी मरावी और सोनू बेन को मामूली चोटें आईं, लेकिन वे सदमे में हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की स्पीड बहुत तेज थी और स्कूटी अनियंत्रित होकर पलट गई. घटनास्थल पर खून से लथपथ सड़क और बिना सिर का शव देखकर अफरा-तफरी मच गई.
बहन के साथ किराए पर रहती थी
सुमन भवेदी ने महाकौशल कॉलेज से ग्रेजुएशन पूरा किया था. अपनी छोटी बहन के साथ घमापुर इलाके में किराए के मकान में रहती थी. परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण शादी-विवाह समारोहों में वेटर का काम करके गुजारा करती थी. डिंडोरी से जबलपुर आकर आत्मनिर्भर जीवन जीने की कोशिश की थी, लेकिन यह हादसा उसके सपनों को चकनाचूर कर गया. परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
पुलिस ने जांच शुरू की
सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा और ट्रक चालक तथा परिचालक को गिरफ्तार कर लिया. ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
भारी वाहनों को अनुमति
यह हादसा शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर सवाल खड़े कर रहा है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि ऐसे ट्रकों की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं. वहीं माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पंवार के अनुसार, दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक भारी वाहनों को आवासीय इलाकों में प्रवेश की अनुमति है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें