भास्कर संवाददाता | खरगोन आगामी त्योहारों और भोंगर्या पर्व को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर भव्या मित्तल व एसपी रवींद्र वर्मा की मौजूदगी में हुई शांति समिति बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में होली, रंगपंचमी, ईद-उल-फितर, गणगौर, रामनवमी, महावीर जयंती सहित विभिन्न पर्वों के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर दिशा-निर्देश दिए। बैठक में तय किया गया कि होलिका दहन केवल परंपरागत स्थानों पर ही होगा और रात 12 बजे तक समिति की उपस्थिति में पूर्ण कराया जाएगा। त्योहारों के दौरान बिना हेलमेट और दो से अधिक सवारी पर प्रतिबंध रहेगा व उल्लंघन पर कार्रवाई होगी। जुलूस और चल समारोह पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकलेंगे, रूट बदलने पर पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी। नपा को त्योहारों से पहले नालियों की सफाई, पेयजल आपूर्ति, बंद स्ट्रीट लाइट चालू कराने और फायर ब्रिगेड व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बिजली कंपनी को खुली डीपी व खराब तार तुरंत सुधारने, स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम व एंबुलेंस तैनात रखने व आबकारी विभाग को अवैध शराब बिक्री रोकने के निर्देश दिए गए। झूलों की सुरक्षा जांच के लिए समिति गठित होगी, पुलिस के साथ वॉलेंटियर्स, होमगार्ड व सुरक्षा समितियां तैनात रहेगी।
Source link