झाबुआ में अनाज व्यापारी से लूट, सिर में गंभीर चोट: व्यापारियों ने रैली निकालकर जताया विरोध, कार्रवाई की मांग – Jhabua News

झाबुआ में अनाज व्यापारी से लूट, सिर में गंभीर चोट:  व्यापारियों ने रैली निकालकर जताया विरोध, कार्रवाई की मांग – Jhabua News




झाबुआ के बामनिया में शनिवार रात रेलवे फाटक के पास अज्ञात बदमाशों ने अनाज व्यापारी कालू अग्रवाल को निशाना बनाया। बदमाशों ने व्यापारी के साथ मारपीट कर रुपयों से भरा बैग लूट लिया। इस हमले में कालू अग्रवाल के सिर पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल पेटलावद के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए रविवार को दाहोद रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। व्यापारियों ने रैली निकालकर जताया विरोध इस घटना के बाद बामनिया के व्यापारिक समुदाय में रोष व्याप्त है। घटना के विरोध में रविवार को सकल व्यापारी संघ के बैनर तले नगर के सभी व्यापारी एकजुट हुए और एक रैली निकाली। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करते हुए चौकी प्रभारी हीरालाल मालीवाड़ को पुलिस अधीक्षक के नाम एक ज्ञापन सौंपा। बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तार करने की मांग संदीप मांडोत द्वारा वाचन किए गए ज्ञापन में मांग की गई है कि पुलिस जल्द से जल्द अज्ञात बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करे। व्यापारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की। इस दौरान नगर के छोटे-बड़े सभी व्यापारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की।



Source link