टीकमगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जिला कार्यकारिणी का एक साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार गठन कर दिया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष सरोज राजपूत ने रविवार रात करीब 9 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सूची सार्वजनिक की। नई कार्यकारिणी में 8 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री और 8 कार्यकर्ताओं को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लंबे समय से चल रही खींचतान के बाद प्रदेश अध्यक्ष की सहमति से यह सूची जारी की गई है। महामंत्री पदों पर मनोज देवलिया, अश्विनी चढ़ार और इंजीनियर अभय प्रताप सिंह यादव को नियुक्त किया गया है। महामंत्री पदों को लेकर सबसे अधिक खींचतान थी। कार्यकारिणी में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, पूर्व विधायक राकेश गिरी गोस्वामी और पूर्व विधायक राहुल सिंह लोधी की पसंद के कार्यकर्ताओं को भी शामिल किया गया है। जतारा विधायक हरिशंकर खटीक समर्थित कार्यकर्ताओं को सर्वाधिक स्थान मिला है। इस नई कार्यकारिणी में केवल एक महिला कार्यकर्ता को जगह मिली है। संध्या सोनी को जिला कार्यालय सह मंत्री बनाया गया है।
Source link