टी20 वर्ल्ड कप: पांड्या-अभिषेक और सूर्या सब फेल, द. अफ्रीका ने खोली भारतीय बल्लेबाजों की पोल, अहमदाबाद में 76 रन से रौंदा

टी20 वर्ल्ड कप: पांड्या-अभिषेक और सूर्या सब फेल, द. अफ्रीका ने खोली भारतीय बल्लेबाजों की पोल, अहमदाबाद में 76 रन से रौंदा


T20 World Cup 2026: साउथ अफ्रीका ने रविवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में टीम इंडिया को 76 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया है. डेविड मिलर के तूफानी अर्धशतक के बाद मार्को यानसेन की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से साउथ अफ्रीका ने ICC टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 चरण के एकतरफा मैच में रविवार को यहां भारत को 76 रन से रौंदकर इस प्रतियोगिता में उसके विजयी क्रम पर रोक लगा दी. भारत ने 2024 में वेस्टइंडीज और अमेरिका में हुए पिछले टी20 वर्ल्ड कप में एक भी मैच नहीं गंवाते हुए खिताब जीता था, जबकि मौजूदा टूर्नामेंट में उसकी यह पहली हार है. यह रनों के लिहाज से भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार भी है.

पांड्या-अभिषेक और सूर्या सब फेल

साउथ अफ्रीका से मिले 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. ईशान किशन बिना खाता पवेलियन लौटे. तिलक वर्मा की खराब फॉर्म इस मैच में भी जारी रही और वह सिर्फ एक रन ही बना सके. वहीं, अभिषेक शर्मा 12 गेंदों में 15 रन बनाने के बाद मार्को जानसेन की गेंद पर पवेलियन लौटे. कप्तान सूर्यकुमार यादव 2 चौकों की मदद से 18 रन बनाने के बाद कॉर्बिन बॉश का शिकार बने.

Add Zee News as a Preferred Source


अफ्रीका ने खोली भारतीय बल्लेबाजों की पोल

वॉशिंगटन सुंदर 11 रन बनाकर आउट हुए. हार्दिक पांड्या 17 गेंदों में 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे. रिंकू सिंह केशव महाराज की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में गेंद को सीधा ट्रिस्टन स्टब्स के हाथों में मार बैठे और खाता तक नहीं खोल सके. अर्शदीप सिंह भी सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुए, जबकि बुमराह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. भारत की पूरी टीम सिर्फ 111 रन बनाकर सिमट गई. शिवम दुबे ने भारत की ओर से 37 गेंदों में सर्वाधिक 42 रन बनाए.

साउथ अफ्रीका ने खराब शुरुआत को मजबूती में बदला

गेंदबाजी में साउथ अफ्रीका की तरफ से मार्को जानसेन ने 3.5 ओवर में 22 रन देकर 4 विकेट झटके. वहीं, केशव महाराज ने महज 24 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए. इससे पहले, टॉस जीतकर बैटिंग करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत खराब रही. क्विंटन डि कॉक सिर्फ 6 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए. वहीं, कप्तान एडेन मार्करम भी सिर्फ 4 रन बनाकर अर्शदीप सिंह का शिकार बने. इसके बाद रयान रिकेल्टन भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 7 रन बनाकर आउट हुए.

साउथ अफ्रीकी टीम ने 187 रन का स्कोर बोर्ड पर टांग दिया

20 रनों के स्कोर पर 3 विकेट गंवा चुकी साउथ अफ्रीका की लड़खड़ाती हुई पारी को डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर ने संभाला. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 97 रनों की अहम साझेदारी की. ब्रेविस 29 गेंदों में 45 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, मिलर ने महज 35 गेंदों का सामना करते हुए 63 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस इनिंग के दौरान मिलर ने 7 चौके और 3 छक्के जमाए. ट्रिस्टन स्टब्स ने सिर्फ 24 गेंदों में 44 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसके दम पर साउथ अफ्रीकी टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 187 रन लगाने में सफल रही. गेंदबाजी में भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में महज 15 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि अर्शदीप सिंह ने दो विकेट निकाले.



Source link