दतिया जिले के गोराघाट थाना क्षेत्र के बडौनकला गांव में रेत भरने को लेकर शुक्रवार रात विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ दबंगों ने खुलेआम फायरिंग कर दहशत फैला दी। चिरोली निवासी आनंद दांगी के ट्रैक्टर और पास खड़े लोडर पर गोली चलाई गई। फायरिंग में ट्रैक्टर की ट्रॉली और टायर तथा लोडर के टायर क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार आनंद दांगी अपने ट्रैक्टर (MP 32 ZC 2951) से चालक उदयभान परिहार के साथ रेत भरने बडौनकला पहुंचे थे। वे गोरियन के खेत में ट्रॉली भरने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान रोहित बौहरे, फुन्नू पोरिया, अतर सिंह पाल, भरत पाल, करन गुर्जर और गोलू पटेल वहां पहुंचे और ट्रैक्टर हटाने को कहा। रॉयल्टी कटवाने की बात पर बहस हुई
आनंद ने बताया कि वह रॉयल्टी कटवाकर रेत ले जा रहे हैं। इस बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और हवाई फायरिंग कर दी। गोली ट्रैक्टर के पीछे के टायर और ट्रॉली में लगी, जबकि पास में खड़े लोडर के टायर भी क्षतिग्रस्त हो गए। लोडर को जीतेन्द्र रावत चला रहे थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। गोराघाट टीआई रमेश शाक्य ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Source link