Last Updated:
IND vs SA Super 8s Highlights: दक्षिण अफ्रीका ने पहले बैटिंग करते हुए डेविड मिलर के अर्धशतक और डेवाल्ड ब्रेविस के साथ उनकी बड़ी अर्धशतकीय साझेदारी से 7 विकेट पर 187 रन बनाए. मिलर ने 35 गेंद में तीन छक्कों और सात चौकों से 63 रन की पारी खेलने के अलावा ब्रेविस (45रन, 29 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) के साथ चौथे विकेट के लिए 51 गेंद में 97 रन की साझेदारी करके पारी को उस समय संवारा जब टीम 20 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद संकट में थी. दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 76 रन से हरा दिया. भारतीय टीम 188 रन के लक्ष्य के सामने 18.5 ओवर में 111 रन ही बना सकी.
दक्षिण अफ्रीका ने भारत को सुपर 8 मैच में हराकर उसकी सेमीफाइनल की राह मुश्किल कर दी.
नई दिल्ली. दक्षिण अफ्रीका ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 सुपर 8 में भारत के विजय रथ को रोककर करोड़ों भारतीय प्रशंसकों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. अहमदाबाद की पिच पर जहां भारतीय गेंदबाजों की धार कुंद नजर आई, वहीं ‘विस्फोटक’ बल्लेबाजी क्रम भी ताश के पत्तों की तरह ढह गया. इस करारी शिकस्त ने न केवल टीम इंडिया के आत्मविश्वास को झकझोर दिया है, बल्कि सेमीफाइनल की डगर को भी ‘कांटों की सेज’ बना दिया है. हार के इस कड़वे घूंट के बाद अब भारत की किस्मत खुद के अलावा समीकरणों की दया पर भी टिक गया है. भारतीय टीम सुपर 8 के अपने दूसरे मैच में जिम्बाब्वे से जबकि तीसरे मैच में वेस्टइंडीज से भिड़ेगी. भारत की 76 रनों की यह हार टी20 वर्ल्ड कप में दूसरी सबसे बड़ी हार है. इससे पहले न्यूजीलैंड ने 2019 में भारत को 80 रन से मात दी थी.
जब रनों की दरकार थी और साख दांव पर लगी थी, तब दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की आग उगलती गेंदों के सामने भारतीय धुरंधर बल्लेबाज असहाय नजर आए. प्रोटियाज टीम के गेंदबाजों ने अपनी रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ से भारतीय बल्लेबाजी की नींव हिला दीं, जिससे क्रीज पर बड़े-बड़े सूरमाओं का टिकना मुहाल हो गया. इस निराशाजनक पतन के बीच केवल शिवम दुबे ने ही अपनी फौलादी इच्छाशक्ति का परिचय दिया और हार न मानने वाला जिगरा दिखाया. जहां एक तरफ विकेटों की पतझड़ लगी थी, वहीं दुबे ने अकेले मोर्चा संभालते हुए जवाबी प्रहार किए, लेकिन उनका यह साहसी संघर्ष भी टीम को हार की गर्त से बाहर निकालने के लिए नाकाफी साबित हुआ.
भारतीय बल्लेबाजों किए सरेंडर
दक्षिण अफ्रीका की ओर से रखे गए 188 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर ढेर हो गई. भारत की शुरुआत बेहद खराब रही. भारत ने पहले ओवर की चौथी ही गेंद पर ईशान किशन का विकेट गंवा दिया. उस समय टीम का खाता भी नहीं खुला था. ईशान 4 गेंद खेलने के बावजूद खाता नहीं खोल सके. पिछले तीन मैचों में डक का शिकार अभिषेक शर्मा का इस मैच में खाता खुला लेकिन वह भी 15 रन बनाकर चलते बने. तिलक वर्मा एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए. कप्तान सूर्यकुमार यादव 18 रन बनाकर आउट हुए वहीं वॉशिंगटन सुंदर 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. हार्दिक पंड्या 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए वहीं रिंकू सिंह का खाता भी नहीं खुल सका. अर्शदीप सिंह एक रन बनाकर आउट हुए. दक्षिण अफ्रीका के लिए केशव महाराज ने 3 विकेट चटकाए वहीं मार्को यानसन ने चार विकेट अपने नाम किए.कॉबिन बॉश के खाते में दो विकेट गए. एक विकेट लुंगी एंगिडी ने चटकाया.
मिलर के अर्धशतक के दम पर 7 विकेट पर 187 रन बनाए
इससे पहले, डेविड मिलर के अर्धशतक और डेवाल्ड ब्रेविस के साथ उनकी बड़ी अर्धशतकीय साझेदारी से दक्षिण अफ्रीका ने 7 विकेट पर 187 रन बनाए. मिलर ने 35 गेंद में तीन छक्कों और सात चौकों से 63 रन की पारी खेलने के अलावा डेवाल्ड ब्रेविस (45रन, 29 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) के साथ चौथे विकेट के लिए 51 गेंद में 97 रन की साझेदारी करके पारी को उस समय संवारा जब टीम 20 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद संकट में थी. ट्रिस्टन स्टब्स ने भी 24 गेंद में तीन छक्कों और एक चौके से नाबाद 44 रन की पारी खेली. जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 15 रन पर तीन विकेट चटकाए जबकि अर्शदीप सिंह ने 28 रन देकर दो विकेट हासिल किए. चक्रवर्ती को एक विकेट मिला लेकिन उन्होंने चार ओवर में 47 रन लुटाए. हार्दिक पंड्या ने भी चार ओवर में 45 रन खर्च किए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला.
मार्करम ने टॉस जीतकर किया बैटिंग का फैसला
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मारक्रम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन टीम की शुरुआत खराब रही. बुमराह ने दूसरे ओवर में सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक (06) को बोल्ड करके भारत को पहली सफलता दिलाई जबकि अर्शदीप सिंह ने अगले ओवर में मारक्रम (04) को मिड ऑफ पर पंड्या के हाथों कैच कराया. रेयान रिकेल्टन (07) ने अर्शदीप पर छक्का जड़ा लेकिन अगले ओवर में बुमराह की गेंद को मिड ऑफ पर शिवम दुबे के हाथों में खेल गए जिससे टीम का स्कोर तीन विकेट पर 20 रन हो गया.
मिलर-ब्रेविस ने पारी को संवारा
मिलर और ब्रेविस ने इसके बाद पारी को संवारा. दोनों बल्लेबाज शुरुआत से ही अच्छी लय में नजर आए.मिलर ने चक्रवर्ती का स्वागत लगातार दो चौकों के साथ किया और फिर अर्शदीप पर भी दो चौके मारे. दक्षिण अफ्रीका ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 41 रन बनाए.मिलर ने चक्रवर्ती के अगले ओवर में छक्का मारा जबकि ब्रेविस ने भी इस स्पिनर की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़ा. मिलर ने पंड्या जबकि ब्रेविस ने दुबे की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया.
दक्षिण अफ्रीका के रनों का शतक 12वें ओवर में पूरा हुआ
दक्षिण अफ्रीका के रनों का शतक 12वें ओवर में पूरा हुआ. ब्रेविस ने अगले ओवर में दुबे पर अपना तीसरा छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद को हवा में लहराकर डीप मिडविकेट पर अभिषेक शर्मा के हाथों लपके गए. मिलर ने दुबे के इसी ओवर में छक्के के साथ 26 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. ट्रिस्टन स्टब्स ने भी चक्रवर्ती पर छक्का मारा लेकिन मिलर ने लॉन्ग ऑफ पर तिलक वर्मा को कैच थमा दिया. मार्को यानसेन भी दो रन बनाने के बाद अर्शदीप की गेंद पर रिंकू सिंह को कैच दे बैठे. स्टब्स ने अंतिम ओवर में पंड्या पर एक चौके और दो छक्के के साथ टीम का स्कोर 190 रन के करीब पहुंचाया.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें