मंदसौर शहर के नरसिंहपुर क्षेत्र में रविवार शाम को बच्चा चोरी की अफवाह और शक के चलते भीड़ ने एक अज्ञात व्यक्ति के हाथ-पैर बांधकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को भीड़ से बचाकर थाने ले आई। पुलिस जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया कि वह व्यक्ति मानसिक रूप से कमजोर है और इलाके में पहले भी घूमता रहा है। वर्तमान में पुलिस को बच्चा चोरी की कोई शिकायत नहीं मिली है, जिसके चलते व्यक्ति को छोड़ दिया गया है। वहीं, घटना का वीडियो सामने आने के बावजूद मारपीट करने वालों पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। रविवार शाम को नरसिंहपुर क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति घूमता हुआ नजर आ रहा था। इसी दौरान क्षेत्र के कुछ लोगों ने शंका के आधार पर उसे बच्चा चोर समझ लिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई और लोगों ने बिना किसी पुष्टि किए उस व्यक्ति की लात-घूसों से जबरदस्त धुलाई कर दी। हाथ-पैर बांधकर जमीन पर गिराया, सैकड़ों लोग जुटे
मारपीट के दौरान भीड़ ने न केवल उस व्यक्ति की पिटाई की, बल्कि उसके दोनों हाथ और पैर भी रस्सियों से बांध दिए। सामने आए घटना के दृश्यों के अनुसार, भीड़ ने व्यक्ति को जमीन पर गिराकर लातें भी मारीं। इस दौरान घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में लोग एकत्रित हो गए थे, जिससे पूरे इलाके का माहौल तनावपूर्ण हो गया था। बताया जा रहा है कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती, तो भीड़ उस व्यक्ति के साथ कोई बड़ी घटना या अनहोनी कर सकती थी। थाने में की अजीबोगरीब हरकतें, मानसिक रूप से है कमजोर
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति को उग्र भीड़ से सुरक्षित छुड़ाकर थाने ले आई। पुलिस द्वारा थाने में पूछताछ किए जाने पर वह व्यक्ति कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पाया और अजीबोगरीब हरकतें करने लगा। इसके बाद थाने में मौजूद आसपास के रहवासियों ने पुलिस को बताया कि उक्त व्यक्ति क्षेत्र में पहले भी घूमता रहता है और वह मानसिक रूप से थोड़ा कमजोर है। एसआई बोले- थाने पर बच्चा चोरी की शिकायत नहीं मिली
इस मामले में कोतवाली थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक संदीप मौर्य ने बताया कि, “नरसिंहपुर क्षेत्र से सूचना प्राप्त हुई थी कि स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़ा है। प्रथम दृष्टया बच्चा चोरी की शंका जताई जा रही थी, लेकिन थाने पर बच्चा चोरी जैसी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई।” मारपीट करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं
पुलिस के अनुसार, स्थानीय निवासियों की ओर से भी इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पूछताछ में कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आने और शिकायत के अभाव में संबंधित व्यक्ति को छोड़ दिया गया है। हालांकि, घटना का वीडियो सामने आने के बावजूद पुलिस ने मारपीट करने वाले लोगों के विरुद्ध भी कोई वैधानिक कार्यवाही नहीं की है। इस घटना के बाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें, स्वयं कानून को अपने हाथ में न लें। देखिए मौके की तस्वीरें…
Source link