विदिशा के सिंधी कॉलोनी में एक किराना दुकान में देर रात चोरी हो गई। चोर दुकान के ताले तोड़कर लगभग 17 हजार रुपये नकद, राजश्री पाउच और अन्य किराना सामान चुरा ले गए। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। दुकानदार राजेंद्र रामानी जब सुबह दुकान पहुंचे, तो उन्होंने ताले टूटे हुए पाए। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले में रखी नकदी गायब थी। उन्होंने तत्काल कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। डॉग स्क्वायड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में मदद कर रही है। दुकानदार राजेंद्र रामानी ने बताया कि उनकी दुकान से करीब 17 हजार रुपये नकद, राजश्री के पाउच और महंगी टॉफियां सहित अन्य किराना सामान चोरी हुआ है। उन्होंने मुख्य मार्ग पर स्थित दुकान में हुई इस वारदात पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की। स्थानीय निवासी नरेंद्र धनवानी ने भी सुबह दुकान के ताले टूटे होने और अंदर से नकदी व सामान गायब होने की पुष्टि की। फिलहाल, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Source link