विदिशा लटेरी से जिला अस्पताल रेफर की गई एक गर्भवती महिला ने एंबुलेंस में जुड़वा बेटियों को जन्म दिया। यह घटना बीती रात करीब 2 बजे हुई, जब रामगढ़ निवासी संतोष पत्नी विजय विश्वकर्मा को लटेरी के शासकीय अस्पताल से विदिशा भेजा जा रहा था। रास्ते में अचानक प्रसव पीड़ा बढ़ने पर एंबुलेंस स्टाफ ने सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित प्रसव कराया। एंबुलेंस में तैनात डॉ. सुरेश कुमार और पायलट धनराज सिंह ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की। महिला ने दो स्वस्थ बच्चियों को जन्म दिया। प्रसव के बाद जच्चा और दोनों नवजातों को जिला अस्पताल विदिशा में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, यह डिलीवरी समय से पहले हुई है और दोनों बच्चियों का वजन सामान्य से कम है। इस कारण उन्हें विशेष देखभाल के लिए एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) वार्ड में रखा गया है। परिवार ने बताया कि प्रसव में अभी लगभग 15 दिन शेष थे, लेकिन शनिवार को दर्द बढ़ने पर संतोष को लटेरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। वहां हालत गंभीर होने पर उसे देर रात विदिशा रेफर किया गया था, जिसके आधे रास्ते में ही प्रसव हो गया। संतोष की पहले से एक दो वर्षीय बेटी है। उनके पति विजय विश्वकर्मा मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। एंबुलेंस स्टाफ की इस तत्परता और समय पर की गई मदद की सराहना की जा रही है।
Source link