- Hindi News
- Local
- Mp
- Bhopal
- Congress Spokesperson Questions BJP Silence On 32 Deaths From Contaminated Water | Indore Bhopal Pol
भोपाल6 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भोपाल में केंद्र सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि इंदौर और भोपाल में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता कांग्रेस दफ्तरों पर पत्थरबाजी करते नजर आए, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उन्होंने कहा कि दूषित पानी से इंदौर में 32 लोगों की मौत पर बीजेपी नेताओं के मुंह से एक शब्द नहीं निकला, लेकिन आज राजनीतिक विरोध के नाम पर गुंडागर्दी की जा रही है।
सुप्रिया श्रीनेत बोलीं- बीजेपी कार्यकर्ता पत्थरबाज बन गए
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में श्रीनेत ने कहा कि इंदौर और भोपाल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने चार-चार बैरिकेड तोड़कर कांग्रेस कार्यालयों तक पहुंचकर हमला किया। उन्होंने पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा कि सब कुछ कैमरों में कैद होने के बावजूद नामजद एफआईआर नहीं हो रही है। उनके मुताबिक, “पुलिस को दिख रहा है कि पत्थर कौन चला रहा था, फिर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?”
दूषित पानी से मौतों पर चुप्पी का आरोप
श्रीनेत ने इंदौर में कथित दूषित पानी पीने से 35 लोगों की मौत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उस समय बीजेपी नेताओं की तरफ से कोई संवेदना या बयान नहीं आया। जब लोग मर रहे थे तब चुप्पी थी, लेकिन आज सड़क पर गुंडागर्दी के लिए निकल आए हैं। जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब देगी।

भोपाल में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि इंदौर और भोपाल में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता कांग्रेस दफ्तरों पर पत्थरबाजी करते नजर आए।
ट्रेड डील पर मोदी सरकार को घेरा
भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर श्रीनेत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर “समझौता करने वाला प्रधानमंत्री” होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस समझौते से किसानों, लघु-मध्यम उद्योगों, ऊर्जा सुरक्षा और डेटा संप्रभुता को नुकसान होगा।
कांग्रेस नेता के मुताबिक, भारत ने अमेरिकी उत्पादों पर लगभग शून्य टैरिफ का वादा किया, रूस से सस्ता तेल खरीदने से दूरी बनाई और अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए बाजार खोल दिया, जिससे भारतीय किसानों पर दबाव बढ़ेगा।
किसान महापंचायत के लिए मप्र क्यों
श्रीनेत ने बताया कि 24 फरवरी को भोपाल में होने वाली किसान महापंचायत में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल होंगे। उनका कहना था कि मध्यप्रदेश किसान आंदोलनों की जमीन रहा है और यहां के किसान पहले से परेशान हैं, इसलिए विरोध की शुरुआत यहीं से होगी।
युवा कांग्रेस के प्रदर्शन का बचाव
दिल्ली में एआई समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि यह समिट के खिलाफ नहीं, बल्कि देशहित से समझौता करने के खिलाफ था। उन्होंने कहा कि युवा देश की आवाज हैं और आने वाले समय में इस मुद्दे पर देशभर में आंदोलन तेज होगा।
