इंदौर में वोटिंग का नया गणित: शहर में 2316 और गांवों में 904 मतदान केंद्र; 20 जगह एक छत के नीचे 6 से ज्यादा बूथ – Indore News

इंदौर में वोटिंग का नया गणित:  शहर में 2316 और गांवों में 904 मतदान केंद्र; 20 जगह एक छत के नीचे 6 से ज्यादा बूथ – Indore News


जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदान केंद्रों की नई तस्वीर साफ हो गई है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में केंद्रों का पुनर्गठन पूरा कर लिया गया है।

.

अब इंदौर के 1443 भवनों में कुल 3210 मतदान केंद्र संचालित किए जाएंगे। प्रशासन ने इस बार सुगम और सुरक्षित मतदान सुनिश्चित करने के लिए 248 नए सरकारी और निजी भवनों को भी चिह्नित किया है।

पुनर्गठन के नए आंकड़ों के मुताबिक, जिले के शहरी क्षेत्रों में मतदान केंद्रों का घनत्व अधिक है। कुल 3210 केंद्रों में से 2316 केंद्र शहरी इलाकों में बनाए गए हैं, जो 1045 भवनों में स्थित होंगे। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 398 भवनों में 904 मतदान केंद्र तय किए गए हैं।

निर्वाचन मानकों के आधार पर एक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1600 मतदाताओं की सीमा निर्धारित की गई है, ताकि वोटिंग के दिन केंद्रों पर अत्यधिक भीड़ न हो और मतदाताओं को लंबी लाइनों से राहत मिल सके।

प्रशासनिक सर्वे में यह भी सामने आया है कि जिले के 633 भवन ऐसे हैं, जहां एक से अधिक बूथ संचालित होंगे। इनमें से 188 भवनों में दो-दो, 185 भवनों में तीन-तीन और 137 भवनों में चार-चार बूथ बनाए गए हैं। इसी तरह 60 भवनों में पांच बूथ रहेंगे, जबकि 20 बड़े भवन ऐसे चिह्नित किए गए हैं जहां 6 से भी अधिक मतदान केंद्र एक साथ संचालित होंगे।

मतदाताओं की संख्या के लिहाज से देखें तो जिले में 3126 केंद्र ऐसे हैं जहां 301 से 1100 के बीच मतदाता हैं। इसके अलावा 1101 से 1200 मतदाताओं वाले 75 केंद्र और 1301 से 1500 मतदाताओं वाले 6 केंद्र बनाए गए हैं।

दिलचस्प बात यह है कि पूरे जिले में एक भी ऐसा केंद्र नहीं है जहां मतदाताओं की संख्या 300 से कम हो। प्रशासन का कहना है कि इस पूरी कवायद का उद्देश्य भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए मतदाताओं को उनके घर के नजदीक ही व्यवस्थित मतदान की सुविधा उपलब्ध कराना है। सभी विधानसभा क्षेत्रों में अब इन केंद्रों की अंतिम सूची प्रकाशित कर दी गई है।

पुनर्गठन के बाद अब इंदौर में शहरी और ग्रामीण मतदान केंद्रों का बंटवारा

  • शहरी क्षेत्र: 2316 मतदान केंद्र (1045 भवनों में)
  • ग्रामीण क्षेत्र: 904 मतदान केंद्र (398 भवनों में)
  • एक केंद्र पर अधिकतम 1600 मतदाता
  • 20 बिल्डिंग ऐसी, जहां लगेंगे 6 से ज्यादा बूथ
  • इंदौर में कई ऐसे बड़े परिसर (स्कूल-कॉलेज) हैं, जहां एक ही छत के नीचे कई बूथ होंगे।
  • 633 भवन: ऐसे हैं जहां एक से ज्यादा बूथ रहेंगे।
  • 188 भवन: जहां 2-2 बूथ होंगे।
  • 60 भवन: जहां 5 बूथ संचालित होंगे।
  • 20 भवन: ये वो बड़े केंद्र हैं जहां 6 से अधिक बूथ बनाए गए हैं।
  • 300 से कम वोटर्स वाला एक भी केंद्र नहीं।
  • आंकड़ों के मुताबिक, इंदौर जिले में मतदाताओं का घनत्व काफी संतुलित है।
  • जिले में 3126 केंद्र ऐसे हैं जहां मतदाताओं की संख्या 301 से 1100 के बीच है।
  • वहीं, जिले में एक भी ऐसा केंद्र नहीं है जहाँ मतदाताओं की संख्या 300 से कम हो।



Source link