Last Updated:
Bhopal News: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेंद्र सिंह चौहान ने 19 साल पहले दूसरी शादी की थी. दूसरी पत्नी एक निजी बैंक में मैनेजर है. पत्नी का आरोप है कि महेंद्र सिंह ने दो करोड़ रुपये और एक कार की मांग की थी. मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया. पीड़िता ने वीडियो शेयर कर आपबीती सुनाई है.
पीड़िता ने वीडियो शेयर कर CM मोहन यादव से न्याय की मांग की है.
भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेंद्र सिंह चौहान पर उनकी दूसरी पत्नी ने गंभीर आरोप लगाते हुए हबीबगंज थाने में दहेज प्रताड़ना और मारपीट का केस दर्ज कराया है. चौहान ने 19 साल पहले दूसरी शादी की थी. पीड़िता एक निजी बैंक में मैनेजर के पद पर पदस्थ है. आरोप है कि महेंद्र सिंह चौहान ने दो करोड़ रुपये और एक कार की मांग की थी. मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई और घर से निकाल दिया गया. पीड़िता ने आरोप लगाते हुए एक वीडियो जारी किया है. पीड़िता ने कहा, ‘तीन दिन से इस घर में ताला लगा हुआ है. मैं इस घर में 19 साल से रह रही हूं. मेरे पति महेंद्र सिंह चौहान कांग्रेस के नेता हैं. वह काफी प्रभावशाली हैं. 17 तारीख को मैंने टीआई को आवेदन दिया. मैंने उनसे कहा कि ताला खुलवा दीजिए. मुझे अपना कुछ सामान लेना है. दो दिन से इन्हीं कपड़ों में हूं. टीआई साहब ने मुझे यथासंभव मदद की. बताया कि आपके पति काफी बहस कर रहे हैं. वह उल्टा हमपर ही FIR दर्ज करने की बात कर रहे हैं.’
पीड़िता ने वीडियो में कहा, ‘महेंद्र सिंह चौहान पिछले 18-19 साल से उसे किसी न किसी बात को लेकर परेशान कर रहे हैं. उससे कहा कि पिता की प्रॉपर्टी में हिस्सा मांगो. लाइसेंसी रिवॉल्वर से धमकाते हैं. मैं ब्राह्मण कुल की हूं. मैंने ये सब कभी नहीं देखा. डर लगता है. मेरे फर्जी साइन किए. मेरी नौकरी छुड़ाने के लिए मेरे झूठे मेडिकल सर्टिफिकेट लगाए. बैंक ने सशर्त आधी सैलरी पर मुझे नौकरी वापस दी. शुक्र है उस समय विश्वास सारंग जी ने मदद की. इन्होंने (महेंद्र चौहान) मुझे प्रभावित करके मेरी शादी तुड़वाई. खुद अपनी 18-20 साल की शादी तोड़ी. मुझे अंकडीशनल सपोर्ट देकर मुझसे शादी कर ली. मुझे तब समझ नहीं आया था. जब धीरे-धीरे इनकी पैसों की डिमांड बढ़ती गई, तब मुझे इनके बारे में समझ आया.’
पीड़िता ने आगे कहा, ‘मैं अपने पिता की दत्तक पुत्री हूं. मेरे पिता भोपाल के आईजी थे. मेरा आप सबसे अनुरोध है कि प्लीज मेरी मदद करिए. मैं मोहन यादव जी से मिलना चाहती हूं. मैं उनके सामने सारे साक्ष्य रखूंगी. मुझे विश्वास सारंग जी से भी उम्मीद है. आज तो हर महिला को न्याय मिलता है, तो मुझे भी न्याय मिलना चाहिए. मुझे सल्फास दी गई, जिससे मेरी तबीयत खराब हुई. मुझे अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन 10 घंटे के भीतर ही डिस्चार्ज करा दिया. डॉक्टरों की मर्जी के खिलाफ जाकर मुझे अस्पताल से डिस्चार्ज करा दिया. अगर कांग्रेस का यह नारा है कि लड़की हूं लड़ सकती हूं, तो मैं प्रियंका गांधी जी से भी पूछना चाहती हूं कि आप ऐसे शख्स को अपने यहां रखे हुए हैं, जो महिलाओं के साथ इस तरह अत्याचार करते हैं, इस तरह का षड्यंत्र करते हैं, इस तरह की बेईमानी करते हैं. मैं इनके साथ इस स्तर तक तो नहीं गिर सकती, पर मैं ये सब भी अब सहन नहीं कर पा रही हूं.’
कांग्रेस नेता ने पत्नी के आरोपों को बताया निराधार
वहीं महेंद्र सिंह चौहान ने दूसरी पत्नी के आरोपों को निराधार बताया. उन्होंने कहा कि यह पारिवारिक विवाद है और पत्नी झूठे आरोप लगा रही है. मामले की जांच कर रहे एसीपी उमेश तिवारी ने इस बारे में कहा कि पीड़िता की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच की जा रही है. अभी तक महेंद्र चौहान की गिरफ्तारी नहीं हुई है लेकिन जांच पूरी होने के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और साक्ष्यों की जांच की जा रही है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.