ग्वालियर जिले में सोमवार को 12वीं कक्षा की बायोलॉजी विषय की परीक्षा के दौरान एक छात्रा को नकल करते हुए पकड़ा गया। कैमरे की निगरानी में पकड़ी गई छात्रा के जैकेट से 49 पन्ने बरामद हुए, जिन पर दोनों तरफ लिखा हुआ था। इसके बाद छात्रा के खिलाफ नकल का प्रकरण दर्ज कर उसकी इस विषय की परीक्षा रद्द कर दी गई है। इस परीक्षा में कुल 5286 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 112 अनुपस्थित रहे। संभागीय अधिकारी मारुति सोमकुंवर ने बताया कि ग्वालियर के कई परीक्षा केंद्रों पर कैमरों से भी निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान शहर के हजीरा इलाके में स्थित के.एस.पी.एस. स्कूल के एक परीक्षा केंद्र में कैमरे में एक छात्रा संदिग्ध गतिविधि करती नजर आई। वह परीक्षा कक्ष में सबसे आगे बैठकर बार-बार अपनी जैकेट में कुछ देख रही थी। शंका होने पर अधिकारी तत्काल उस परीक्षा कक्ष में पहुंचे और छात्रा की जांच की। जांच के दौरान छात्रा की जैकेट के अंदर से 49 पन्ने मिले, जिन पर दोनों तरफ नकल सामग्री लिखी हुई थी। इस आधार पर छात्रा के खिलाफ नकल का प्रकरण बनाया गया और उसकी बायोलॉजी विषय की परीक्षा तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई। बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, यदि कोई छात्र या छात्रा परीक्षा के दौरान किसी एक विषय में नकल करते हुए पकड़ा जाता है, तो उस विषय की परीक्षा रद्द कर दी जाती है। हालांकि, यदि कोई छात्र एक से अधिक परीक्षाओं में नकल करते हुए पाया जाता है, तो उसकी सभी परीक्षाएं रद्द कर दी जा सकती हैं। मंडल सचिव और कलेक्टर को भेजा गया पत्र कड़ी जांच व्यवस्था के बावजूद एक छात्रा द्वारा 49 पन्नों की नकल सामग्री जैकेट में छिपाकर परीक्षा केंद्र तक ले जाना गंभीर मामला माना गया है। इस पर संज्ञान लेते हुए संभागीय अधिकारी मारुति सोमकुंवर ने माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव को पत्र लिखकर संबंधित परीक्षा केंद्र के ऑब्जर्वर, केंद्र अध्यक्ष, सहायक केंद्र अध्यक्ष सहित पूरे स्टाफ को बदलने की अनुशंसा की है। पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।
Source link