गावस्कर ने लगाई टीम इंडिया की क्लास, गंभीर को लग जाएगी मिर्ची

गावस्कर ने लगाई टीम इंडिया की क्लास, गंभीर को लग जाएगी मिर्ची


होमखेलक्रिकेट

गावस्कर ने लगाई टीम इंडिया की क्लास, गंभीर को लग जाएगी मिर्ची

Last Updated:

Sunil Gavaskar statement on Team India overconfident: भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर का मानना है कि भारतीय टीम को अपने अहं को त्याग कर मैदान पर उतरना चाहिए. सुनील गावस्कर ने टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 में मिली हार के बाद ये सलाह दी है. भारतीय टीम को सुपर-8 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 76 रनों से मात दी थी.

Zoom

सुनील गावस्कर ने की टीम इंडिया की आलोचना

अहमदाबाद: टी20 विश्व कप 2026 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 में मिली हार के बाद पूर्व दिग्गज सुनील गावस्कर ने भारतीय टीम की तीखी आलोचना की है. उनका मानना है कि भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए टी20 विश्व कप के मैच से सबक लेकर टीम इंडिया अपने अहं का त्याग करना चाहिए. सिर्फ इतना ही नहीं, उन्होंने बल्लेबाजों को आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरकर हर गेंद को बाउंड्री लाइन के बाहर भेजने के बजाय परिस्थितियों के अनुसार खेलने की भी सलाह दी है.

भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बल्लेबाजों की नाकामी के कारण सुपर आठ के महत्वपूर्ण मुकाबले में 76 रन से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा. गावस्कर ने जिओ स्टार से कहा, ‘‘भारतीय बल्लेबाजों को ब्रेविस और मिलर की साझेदारी से सीख लेकर इस तरह का दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत थी. भारतीय बल्लेबाजों ने ऐसा नहीं किया. वे अति आत्मविश्वास के साथ उतरे, हर गेंद पर बल्ला चलाया और विकेट गंवा दिए. दक्षिण अफ्रीका खेल के हर विभाग में भारत से अव्वल साबित हुआ.’’

खराब शुरुआत के बाद संभली थी दक्षिण अफ्रीका

दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और एक समय उसका स्कोर तीन विकेट पर 20 रन था लेकिन इसके बाद मिलर और ब्रेविस ने 97 रन की साझेदारी की जिससे दक्षिण अफ्रीका सात विकेट पर 187 रन बनाने में सफल रहा. इसके जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर आउट हो गई. गावस्कर ने कहा, ‘‘भारत ने दक्षिण अफ्रीका से कोई सबक नहीं लिया. भारतीय बल्लेबाज क्रीज पर उतर कर हर गेंद को बाउंड्री लाइन के बाहर पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे. टी20 क्रिकेट ऐसे नहीं खेला जाता.’’

उन्होंने कहा, ‘‘आपको विपक्षी टीम से सीख लेनी चाहिए थी. अगर उन्होंने इस तरह की मुश्किल पिच पर अच्छा स्कोर किया है तो आपको अपना अहं त्यागकर उनकी पारी का विश्लेषण करना चाहिए था और परिस्थितियों के अनुसार बल्लेबाजी करनी चाहिए थी.’’ भारत ने पावर प्ले के अंदर अपने शीर्ष तीन बल्लेबाजों ईशान किशन (00), अभिषेक शर्मा (15) और तिलक वर्मा (01) के विकेट गंवा दिये थे. गावस्कर ने कहा, ‘‘तिलक वर्मा बेहद चतुर बल्लेबाज है लेकिन इस मैच में उनके खेलने के तरीके से मैं निराश था. तिलक को क्रीज पर कुछ समय बिताना चाहिए था. उन्हें साझेदारी निभाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए था.’’

जिम्बाब्वे के साथ है भारत का दूसरा मैच

भारत का अगला मुकाबला जिम्बाब्वे से होगा और गावस्कर ने कहा कि वह अक्षर पटेल को अंतिम एकादश में देखना चाहते हैं. भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अक्षर पटेल की जगह वाशिंगटन सुंदर को मौका दिया. गावस्कर ने कहा, ‘‘जिम्बाब्वे की टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों की कमी है और इसलिए मैं चाहूंगा कि अक्षर पटेल की अंतिम एकादश में वापसी हो. आप उन्हें अर्शदीप सिंह की जगह टीम में शामिल कर सकते हैं. लेकिन अर्शदीप ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी की और ऐसे में वाशिंगटन को बाहर बैठना पड़ेगा.’’

About the Author

Jitendra Kumar

अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें



Source link