सीधी जिले के रामपुर नैकिन जनपद क्षेत्र में सरकारी कार्यालयों में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे किए गए निरीक्षण में जनपद शिक्षा केंद्र, परियोजना कार्यालय और बीईओ कार्यालय सहित तीन प्रमुख दफ्तरों में अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस स्थिति से क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है। जनपद शिक्षा केंद्र रामपुर नैकिन में कुल 10 कर्मचारी पदस्थ हैं, लेकिन निरीक्षण के दौरान केवल एक कर्मचारी दीपेंद्र शुक्ला (एमआईएस कोऑर्डिनेटर) उपस्थित मिले। बीआरसी श्री प्रकाश जायसवाल सहित बीएसी दिलीप सिंह, राजकुमार वर्मा, कमलाकर सिंह, शिवदयाल शर्मा, संदीप नामदेव और बृजेश त्रिपाठी अनुपस्थित पाए गए। चौकीदार बेबी सिंह और जय सिंह भी अपनी ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे।
परियोजना कार्यालय में सिर्फ कंप्यूटर ऑपरेटर मिलीं परियोजना कार्यालय रामपुर नैकिन का हाल भी ऐसा ही था। यहां परियोजना अधिकारी शिवानंद शुक्ला सहित कई कर्मचारी पदस्थ हैं, परंतु निरीक्षण के समय केवल कंप्यूटर ऑपरेटर प्रतिभा सिंह मौजूद थीं। बताया गया कि वे भी सुबह लगभग 11:00 बजे कार्यालय पहुंची थीं, जबकि अन्य कर्मचारी अनुपस्थित रहे। बीईओ कार्यालय में कुल छह लोग पदस्थ हैं। ग्रामीण प्रतिभा पनिका ने आरोप लगाया कि बीईओ अवध शरण अक्सर “फील्ड का बहाना” बनाकर अनुपस्थित रहते हैं। निरीक्षण के दौरान अन्य पांच कर्मचारी उपस्थित मिले, लेकिन प्रमुख अधिकारी की गैरमौजूदगी पर सवाल उठे। एसडीएम ने दिए जांच के आदेश जानकारी मिलने पर चुरहट एसडीएम शैलेश द्विवेदी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारी-कर्मचारी इस प्रकार की लापरवाही करते हैं, तो यह “काफी शर्मनाक” है। एसडीएम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। आश्वासन दिया है कि जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
Source link