पन्ना पुलिस ने देवेन्द्रनगर में सड़क निर्माण मशीन से कीमती उपकरण चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से लगभग ₹65,000 मूल्य का चोरी का सामान भी बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देश पर की गई। शिकायतकर्ता रावेन्द्र कुमार तिवारी ने पुलिस को बताया था कि ग्राम अमचुई में सीसी रोड निर्माण के लिए उपयोग की जा रही क्यूरी मशीन (CG07CS 5343) से सीबीसी मोटर और प्रिंटर चोरी हो गए थे। यह घटना तब हुई जब निर्माण कार्य पूरा होने के बाद मशीन को अमचुई मोड़ पर खड़ा किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 303(2) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। देवेन्द्रनगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस ने ललितपुर से आरोपी को किया गिरफ्तार गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की। टीम ने उत्तर प्रदेश के जिला ललितपुर के ग्राम बसवां में दबिश देकर 24 वर्षीय आरोपी चाली राजा यादव को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी की गई मोटर और प्रिंटर बरामद किए गए। इस कार्रवाई में देवेन्द्रनगर थाना प्रभारी उप निरीक्षक संतोष सिंह यादव, सोनम शर्मा, प्रधान आरक्षक लक्ष्मी नारायण यादव, शंकर प्रताप सिंह, हरिराम वर्मा, वीर नारायण सिंह, आरक्षक बृजेंद्र रैकवार, रोहित, तरुण वर्मा और सायबर सेल टीम का विशेष योगदान रहा। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले में अन्य संभावित संदिग्धों और गिरोह के सदस्यों की तलाश कर रही है।
Source link