सतना के प्रेमनगर स्थित एसई कार्यालय के सामने खड़ी दो बाइकों में आग लगने का मामला सामने आया है। यह घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने एसटीसी के आउटसोर्स कर्मचारी आकाश खरे पर नशे की हालत में वाहनों को आग लगाने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, रविवार की रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रेमनगर में कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद थे। रात करीब 3 बजे कुछ कर्मचारी गाड़ी से चाय पीने रेलवे स्टेशन गए थे, जिनमें आकाश खरे भी शामिल था। लौटते समय आकाश ने साथ आने से मना कर दिया। इस पर सुभाष कनौजिया ने एसटीसी के लाइनमैन राकेश वारकंडे को फोन कर सूचना दी कि आकाश रेलवे स्टेशन पर नशे की हालत में है और वापस नहीं आ रहा। कर्मचारी प्रेमनगर लौट आए, लेकिन बाद में आकाश को वापस लाने के लिए दोबारा रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां आकाश नहीं मिला। जब कर्मचारी वापस एसई कार्यालय के सामने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उनकी बाइकों में आग लगी हुई थी। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने शोर मचाकर अन्य साथियों को बुलाया। इसी दौरान आकाश खरे को ट्रांसफार्मर के पास से आते हुए देखा गया। कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलने पर 112 वाहन मौके पर पहुंचा और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। आगजनी में सुभाष कनौजिया की हीरो एचएफ डीलक्स (एमपी 19 एमटी 4480) और मनीष दहिया की हीरो एचएफ डीलक्स (एमपी 19 एमयू 4785) बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। कर्मचारियों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और क्षतिग्रस्त बाइकों की भरपाई की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
Source link