व्यूज और लाइक्स की होड़ से मचा हड़कंप, 3 बड़े मामलों की सच्चाई आई सामने, SP ने दी सख्त चेतावनी

व्यूज और लाइक्स की होड़ से मचा हड़कंप, 3 बड़े मामलों की सच्चाई आई सामने, SP ने दी सख्त चेतावनी


Last Updated:

MP NEWS: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में बच्चा चोर गिरोह की अफवाहों ने लोगों में दहशत का माहौल बना दिया था, लेकिन पुलिस जांच में सभी मामले भ्रामक निकले हैं. लालबर्रा, कटंगी और किरनापुर से सामने आए तीन अलग-अलग मामलों की जांच के बाद एसपी आदित्य मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जिले में कोई बच्चा चोर गैंग सक्रिय नहीं है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही फर्जी पोस्ट और तस्वीरों ने भ्रम फैलाया, जिससे निर्दोष लोगों को शक के आधार पर घेरा गया. पुलिस ने चेतावनी दी है कि झूठी खबर फैलाने और शेयर करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि पहले पुलिस से जरूर करें.

MP Kidnapping News Reality: पूरे मध्य प्रदेश में इन दिनों बच्चा चोर गिरोह को लेकर अफवाहें तेजी से फैल रही हैं. इसी कड़ी में बालाघाट जिले में भी कई घटनाएं सामने आईं, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया. लेकिन जब इन मामलों की जांच की गई तो सच्चाई कुछ और ही निकली. बालाघाट एसपी आदित्य मिश्रा ने साफ कहा कि जिले में बच्चा चोर गिरोह सक्रिय होने की खबरें पूरी तरह भ्रामक हैं.

तीन मामलों ने बढ़ाया डर
केस 1: लालबर्रा
लालबर्रा में एक बच्ची के अपहरण की कोशिश का दावा किया गया. स्कूल की प्रधान पाठक ने पुलिस को पत्र भी लिखा. जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला. मामला अफवाह निकला. जांच की पुष्टि एसडीओपी अभिषेक चौधरी ने की.

केस 2: कटंगी
कटंगी में दो बच्चियों ने वैन से अगवा करने की कोशिश का दावा किया. जांच में यह भी गलत निकला. इसी अफवाह में एक निजी बैंक कर्मचारी को ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझ लिया, बाद में दस्तावेज दिखाने पर उसे छोड़ा गया.

केस 3: किरनापुर
किरनापुर में आंगनबाड़ी से बच्ची को लेने आए रिश्तेदार को भी ग्रामीणों ने शक के आधार पर घेर लिया. थोड़ी देर में सच्चाई सामने आ गई.

ऐसे फैल रही है फर्जी खबर
सोशल मीडिया पर कुछ इंस्टाग्राम और फेसबुक पेज लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए एक जैसी पोस्ट डाल रहे हैं. चार महिलाओं या कुछ पुरुषों की तस्वीर लगाकर “आपके इलाके में बच्चा चोर गैंग सक्रिय” जैसे मैसेज वायरल किए जा रहे हैं. ऐसी अफवाहें लोगों को भ्रमित करती हैं और कई बार स्थिति मॉब लिंचिंग तक पहुंच सकती है.

पुलिस की सख्त चेतावनी
एसपी आदित्य मिश्रा ने कहा है कि फर्जी पोस्ट बनाने और शेयर करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर भरोसा न करें और किसी भी जानकारी की पुष्टि पुलिस से करें.

About the Author

shweta singh

Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें



Source link