हरदा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम कुकरावद में रविवार शाम ग्रामीणों ने दो युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में एक खेत में बैठे पाया। ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों को आशंका हुई कि रात के अंधेरे में खेत में बैठे ये युवक बाहरी हैं और किसी चोरी या अन्य वारदात को अंजाम देने आए हो सकते हैं। पूछताछ करने पर उन्होंने खुद को उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले का निवासी बताया। हालांकि, वे अपना सही पता-ठिकाना और पहचान पत्र नहीं बता पाए, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस दोनों युवकों को थाने ले आई। पुलिस के अनुसार, प्रथमदृष्टया दोनों युवक मानसिक रूप से कमजोर दिखाई दे रहे थे और उन्होंने पिछले दो दिनों से भोजन भी नहीं किया था। पुलिस ने खाना खिलाया, पूछताछ जारी
युवकों ने बताया कि उन्हें किसी व्यक्ति ने ट्रेन से उतारकर हंडिया थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ा ले जाया गया था, जहां उनसे तीन दिनों तक खेत पर काम कराया गया। इसके बाद वे किसी से लिफ्ट लेकर हरदा आ गए। यहां उन्हें किसी अन्य व्यक्ति ने दोबारा काम के लिए ले जाने की बात कहकर एक खेत में बैठा दिया था। टीआई आर एस तिवारी ने बताया कि युवकों को थाने लाकर भोजन कराया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस उनके बारे में तस्दीक कर रही है कि वे हरदा कैसे पहुंचे। फिलहाल, दोनों युवक अपना सही पता नहीं बता पाए हैं।
Source link