New World Record Tristan Stubbs: क्रिकेट एक ऐसा खेल है, जिसमें तीन डिपार्टमेंट होते हैं. पहला बैटिंग, दूसरा बॉलिंग और तीसरा क्षेत्ररक्षण, जिसे फील्डिंग भी कहा जाता है. जिस भी टीम ने इन तीनों ही डिपार्टमेंट में बढ़िया प्रदर्शन कर दिया तो उसकी जीत के चांस ज्यादा होते हैं. क्रिकेट रिकॉर्ड बुक में गेंद और बल्ले से कई रिकॉर्ड बने हैं, लेकिन फील्डिंग के कीर्तिमान सीमित हैं. 22 फरवरी की शाम भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए सुपर 8 के मुकाबले में एक खिलाड़ी ने फील्डिंग में ऐतिहासिक कारनामा कर दिखाया. उसने कुछ ऐसा कर दिया, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी. ये कोई और नहीं बल्कि साउथ अफ्रीका के ट्रिस्टन स्टब्स हैं, जिन्होंने अपनी फील्डिंग के दम पर इतिहास रच दिया है.
भारत के खिलाफ सुपर 8 के मुकाबले में ट्रिस्टन स्टब्स ने एक ही ओवर में 3 कैच लेने का करिश्मा कर दिखाया. ऐसा करते ही उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में बतौर फील्डर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. वह टी20 इंटरनेशनल के एक ओवर में 3 कैच लपकने वाले दुनिया के पहले फील्डर बन चुके हैं. उनसे पहले इस तरह का कमाल न्यूजीलैंड के मिचेल हे ने 2024 में श्रीलंका के खिलाफ किया था, लेकिन उन्होंने वो तीनों कैच एक विकेटकीपर के तौर पर पकड़े थे.
15वें ओवर में पकड़े गए 3 कैच
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ट्रिस्टन स्टब्स ने यह रिकॉर्ड भारतीय पारी के 15वें ओवर में अपने नाम किया. यह ओवर केशव महाराज डालने आए थे. उस वक्त टीम इंडिया को 188 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए जीत के लिए आखिरी 6 ओवरों में 102 रन बनाने थे. यह बहुत कठिन काम था. हालांकि हार्दिक और शिवम दुबे क्रीज पर थे, इसलिए उम्मीदें बरकरार थीं, लेकिन केशव ने 15वें ओवर में तीन बड़े झटके देकर पूरी उम्मीदें खत्म कर दीं.
15वें ओवर में पकड़े गए तीन कैच
पहला कैच-15वें ओवर की पहली ही गेंद पर हार्दिक पांड्या ने मिड ऑफ के ऊपर से छक्का लगाने की कोशिश की, लेकिन बाउंड्री पर स्टब्स ने शानदार कैच पकड़ लिया. पांड्या 17 गेंद पर 18 रन बनाकर आउट हुए.
दूसरा कैच-फिर इस ओवर की तीसरी गेंद पर रिंकू सिंह ने छक्के के इरादे से मिड ऑन की ओर शॉट खेला, लेकिन स्टब्स ने शानदार फील्डिंग करते हुए वह कैच भी लपक लिया. रिंकू सिंह दूसरी गेंद पर ही अपना विकेट खो बैठे.
तीसरा कैच- 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर अर्शदीप सिंह भी कैच आउट हुए. वह रिंकू सिंह की तरह ही मिड ऑन पर स्टब्स के हाथों कैच आउट हुए. इस तरह केशव को एक ओवर में बैक-टू-बैक 3 विकेट मिले और स्टब्स ने तीनों कैच लपके.
फील्डिंग और बल्ले दोनों में स्टब्स का जलवा
अफ्रीका ने भारत को 111 रनों पर समेटकर 76 रनों से मैच जीत लिया. स्टब्स ने तीन कैच लेने के अलावा 24 गेंद पर 44 रनों की उम्दा पारी भी खेली. उन्होंने हार्दिक के आखिरी ओवर में 20 रन बटोरे थे.
ये भी पढ़ें: T20I में Team India के खिलाफ छक्कों की बारिश करते हैं यह 5 खिलाड़ी, डेविड मिलर ने रचा इतिहास