अनूपपुर में पटवारियों का धरना स्थल खाली कराया: प्रशासन ने टेंट उखड़वाया, संघ ने कहा- अब कलेक्ट्रेट में करेंगे प्रदर्शन – Anuppur News

अनूपपुर में पटवारियों का धरना स्थल खाली कराया:  प्रशासन ने टेंट उखड़वाया, संघ ने कहा- अब कलेक्ट्रेट में करेंगे प्रदर्शन – Anuppur News




अनूपपुर तहसील कार्यालय में पिछले 13 दिनों से चल रही पटवारियों की हड़ताल पर मंगलवार शाम प्रशासन ने सख्ती दिखाई। एसडीएम और तहसीलदार ने पुलिस टीम के साथ धरना स्थल पहुंचकर टेंट उखड़वा दिया और जगह खाली करा दी। प्रशासन ने इस प्रदर्शन को बिना अनुमति का बताते हुए अवैध करार दिया है। मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे एसडीएम कमलेश पुरी और तहसीलदार ईश्वर सिंह प्रधान भारी पुलिस बल के साथ पटवारियों के बीच पहुंचे। अधिकारियों ने कहा कि धरना देने के लिए कोई मंजूरी नहीं ली गई है। दूसरी तरफ, पटवारी संघ का कहना था कि उन्होंने पहले ही कलेक्टर और एसडीएम को जानकारी दे दी थी और 13 दिनों से चल रही हड़ताल पर प्रशासन की चुप्पी उनकी मंजूरी ही थी। हालांकि, प्रशासन ने उनकी एक नहीं सुनी और तंबू हटा दिए। संघ की वेतन भुगतान समेत 10 मांगें हैं, जिन पर पटवारी प्रदर्शन कर रहे थे। पटवारी संघ में नाराजगी, अब कलेक्टर ऑफिस पर होगा प्रदर्शन प्रशासन की इस कार्रवाई से पटवारी भड़क गए हैं। जिला अध्यक्ष चेतन सिंह मरावी ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है। संघ ने ऐलान किया है कि बुधवार से वे कलेक्टर कार्यालय के सामने अपना विरोध और तेज करेंगे। बोर्ड परीक्षाओं और सरकारी काम पर पड़ेगा असर पटवारियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे 26 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं में बतौर कलेक्टर प्रतिनिधि ड्यूटी नहीं करेंगे। अनूपपुर के तहसील अध्यक्षों ने सामूहिक इस्तीफे की धमकी भी दी है। आंदोलन और भड़कने के आसार वेतन की गड़बड़ियों और अपनी मांगों को लेकर शुरू हुआ यह आंदोलन अब और बड़ा होता जा रहा है। मध्य प्रदेश के दूसरे जिलों के पटवारियों ने भी अनूपपुर का समर्थन करते हुए 27 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की बात कही है। इस टकराव से आने वाले दिनों में सरकारी कामकाज और आम जनता की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।



Source link