ग्वालियर-भिंड-इटावा को जोड़ने वाले एनएच-719 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों के बाद इसे सिक्स लेन में अपग्रेड करने की मांग फिर तेज हो गई है। प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला और जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर मार्ग को टू लेन से सिक्स लेन में अपग्रेड करने की मांग की है। पत्र में मंत्री शुक्ला ने बताया कि यह मार्ग प्रतिदिन करीब 25 हजार वाहनों का दबाव झेल रहा है। राजस्थान रूट पर टैक्स बचाने के कारण भारी वाहन बड़ी संख्या में इसी मार्ग से गुजरते हैं। दो लेन होने के कारण जाम की स्थिति बनती है और ओवरटेकिंग के दौरान दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। चंबल, क्वारी और यमुना नदी पर बने पुलों की स्थिति भी चिंता का विषय बताई गई है। हाईवे पर स्पीड मॉनिटरिंग सिस्टम लगाने की भी मांग
जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया ने हाईवे के ब्लैक स्पॉट्स पर लाइट की व्यवस्था, स्पीड मॉनिटरिंग सिस्टम, भारी वाहनों की गति सीमा नियंत्रण और ओवरलोडिंग की नियमित जांच की मांग की है। साथ ही हालिया हादसों में मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये और घायलों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का आग्रह किया है। उल्लेखनीय है कि इस हाईवे के चौड़ीकरण को लेकर जिले के संत व समाजसेवी पिछले दो वर्षों से आंदोलनरत हैं। लगातार बढ़ती दुर्घटनाओं के चलते स्थानीय स्तर पर इसे ‘खूनी हाईवे’ कहा जाने लगा है। जनप्रतिनिधियों ने शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
Source link