हरदा जिले के टिमरनी तहसील मुख्यालय में मंगलवार शाम वार्ड नंबर 3 की महिलाओं ने थाना प्रभारी मुकेश गौड़ को पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने नगर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर गहरी चिंता जताई। महिलाओं ने बताया कि पिछले तीन महीनों में नगर में एक दर्जन से अधिक बड़ी चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। इनमें से अकेले वार्ड नंबर 3 में ही तीन बड़ी चोरियां हुई हैं, जिससे रहवासियों में डर का माहौल बन गया है। ज्ञापन में काकोड़िया परिवार के घर हुई हालिया चोरी का विशेष रूप से जिक्र किया गया, जिसमें करीब 20 लाख रुपए से अधिक का सामान चोरी हो गया। महिलाओं का कहना है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। महिलाओं का आरोप है कि टिमरनी पुलिस अब तक एक भी चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है। लगातार हो रही घटनाओं से आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है, इसी कारण उन्हें मजबूरन थाने पहुंचकर ज्ञापन देना पड़ा। 7 दिन का अल्टीमेटम, धरने की चेतावनी महिलाओं ने पुलिस को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में चोरों की पहचान कर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे थाना परिसर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगी। थाना प्रभारी मुकेश गौड़ ने बताया कि जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा। नागरिकों से अपील टीआई गौड़ ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों में सीसीटीवी कैमरे लगाएं और घर बंद कर बाहर जाने की स्थिति में संबंधित थाने को सूचना दें, ताकि रात्रि गश्त के दौरान उन स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा सके।
Source link