जमीनी विवाद में कार चढ़ाने का आरोप: गुना से लौटते समय मारी टक्कर; पिता की मौत, दो बेटे गंभीर घायल – Guna News

जमीनी विवाद में कार चढ़ाने का आरोप:  गुना से लौटते समय मारी टक्कर; पिता की मौत, दो बेटे गंभीर घायल – Guna News




गुना जिले के आरोन निवासी शिवभान सिंह सोलंकी की बजरंगगढ़ इलाके में एक कार की टक्कर लगने से मौत हो गई, जबकि उनके दो बेटे गंभीर रूप से घायल हैं। मंगलवार दोपहर में ही शिवभान का आरोन में एक अन्य परिवार से प्लॉट को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते दूसरे पक्ष ने जानबूझकर पीछे से कार चढ़ाकर इस वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। जानकारी के अनुसार, आरोन निवासी शिवभान सिंह सोलंकी और अनिकेत जैन के परिवार के बीच लंबे समय से प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा है। अनिकेत जैन (25) ने पुलिस को बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे जब वह मिस्त्री के साथ अपनी वैन ठीक करवा रहा था, तभी शिवभान सिंह अपने बेटों सूरज और कुनाल के साथ वहां पहुंचे और डंडों से मारपीट कर दी। इस मामले में आरोन पुलिस ने अनिकेत की शिकायत पर शिवभान सिंह और उनके परिवार के 5 सदस्यों पर एफआईआर (FIR) दर्ज की थी। बीजेपी नेता से शिकायत कर लौट रहे थे वापस
मारपीट की घटना के बाद शिवभान सिंह अपने दोनों बेटों के साथ गुना आए थे। वे भाजपा के एक पूर्व पदाधिकारी से मिलकर यह शिकायत करने पहुंचे थे कि पुलिस उनकी सुनवाई नहीं कर रही है। मुलाकात के बाद शाम करीब 7 बजे तीनों अपनी कार से वापस आरोन लौट रहे थे। पीछे से कार चढ़ाकर मारी टक्कर, पिता की मौत
बजरंगगढ़ टोल नाके से आगे उनकी कार को एक दूसरी कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने शिवभान सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके दोनों बेटों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल बेटे का आरोप- ‘धर्मेंद्र सोनी ने चढ़ाई गाड़ी’
अस्पताल में भर्ती घायल कुणाल सोलंकी ने आरोप लगाया कि यह हादसा नहीं बल्कि हत्या है। कुणाल ने बताया, “जब हम वापस जा रहे थे, तो पीछे से एक कार ने टक्कर मारी। धर्मेंद्र सोनी ने गाड़ी चढ़ाई, जिसमें कल्ला जैन, प्रताप जैन और बाकी लोग बैठे थे। हमने गाड़ी और तेज चलाई तो उन्होंने दोबारा पीछे से आकर गाड़ी चढ़ा दी। इसमें पिता खत्म हो गए और हम दोनों भाई घायल हैं।”



Source link