बुरहानपुर-इंदौर बस किराया अधिक, निजी बसें वसूल रहीं 300 रुपए: राजस्थान निगम की बस का किराया सिर्फ 195 रुपए, यात्रियों ने कारवाई की मांग की – Burhanpur (MP) News

बुरहानपुर-इंदौर बस किराया अधिक, निजी बसें वसूल रहीं 300 रुपए:  राजस्थान निगम की बस का किराया सिर्फ 195 रुपए, यात्रियों ने कारवाई की मांग की – Burhanpur (MP) News




बुरहानपुर बस स्टैंड पर यात्रियों से अधिक किराया वसूलने का मामला सामने आया है। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे कुछ यात्रियों और ड्राइवरों ने इस मुद्दे पर हंगामा किया। उनका आरोप है कि निजी बस संचालक बुरहानपुर से इंदौर के लिए 300 रुपए किराया वसूल रहे हैं, जबकि राजस्थान परिवहन निगम की बस का किराया सिर्फ 195 रुपए है। बुरहानपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में यात्री इंदौर आते-जाते हैं। यात्रियों का कहना है कि अधिक किराया वसूली की शिकायतें परिवहन विभाग को भी दी गई हैं, लेकिन विभाग इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें वास्तविक किराए (195 रुपये) की जानकारी नहीं थी और उनसे 300 रुपए मनमाने तरीके से वसूले गए। उन्होंने इस पर कार्रवाई की मांग की है। ‘बसों में किराया सूची लगाना अनिवार्य हो’
जांच में पाया गया कि कुछ बसों पर 200 रुपए किराया लिखा था, जबकि अधिकांश बसों पर किराया सूची मौजूद नहीं थी। परिवहन विभाग ने कुछ समय पहले ही बस संचालकों को बसों पर किराया सूची लगाना अनिवार्य किया था, लेकिन इस नियम का पालन नहीं हो रहा है। यात्री मुजफ्फर शेख ने बताया कि उन्होंने बुरहानपुर से इंदौर तक का सफर 300 रुपए में किया, जबकि बाद में उन्हें पता चला कि वास्तविक किराया 195 रुपए है। वाहन चालक शेख इदरीश ने कहा कि जब उन्होंने निजी बस संचालकों द्वारा अधिक किराया वसूलने का विरोध किया, तो उन्हें जवाब मिला कि जब यात्री कुछ नहीं बोल रहे हैं, तो उन्हें बोलने की क्या जरूरत है। यात्रियों ने बस संचालक और एजेंट पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही यात्रियों ने मांग की है कि इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और सभी बसों में किराया सूची लगाना सुनिश्चित किया जाए ताकि यात्रियों के साथ धोखाधड़ी न हो।



Source link