रक्तदान पर मिलेगा ओंकारेश्वर का वीआईपी पास, घर बैठे लड्डू महाप्रसाद

रक्तदान पर मिलेगा ओंकारेश्वर का वीआईपी पास, घर बैठे लड्डू महाप्रसाद


Last Updated:

Shri Omkareshwar Jyotirlinga Temple Vip Darshan Pass: आज (मंगलवार) पहले ही दिन 10 से ज्यादा भक्तों ने रक्तदान कर इस अभियान को समर्थन दिया. यह पहल देश के बड़े मंदिरों जैसे- काशी विश्वनाथ मंदिर, तिरुपति बालाजी मंदिर और शिरडी साईबाबा मंदिर की तर्ज पर शुरू की गई है.

Zoom

दोनों पहल शुरू कर दी गई हैं.

रिपोर्ट- अमित जायसवाल, खंडवा. मध्य प्रदेश के खंडवा के ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में आस्था अब सेवा से जुड़ गई है. जहां एक ओर रक्तदान करने पर ज्योतिर्लिंग के वीआईपी दर्शन मिलेंगे, तो वहीं दूसरी ओर बाबा का लड्डू महाप्रसाद अब डाक के जरिए सीधे श्रद्धालुओं के घर पहुंचेगा. दरअसल नर्मदा तट पर विराजमान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर से दो बड़ी पहल शुरू हुई हैं. पहली है- रक्तदान करिए और पाइए वीआईपी दर्शन और दूसरी है- अब घर बैठे मिलेगा बाबा का लड्डू महाप्रसाद. ओंकारेश्वर मंदिर में अब हर मंगलवार और शनिवार को रक्तदान शिविर लगाया जाएगा. जो श्रद्धालु यहां रक्तदान करेंगे, उन्हें प्रमाण पत्र दिया जाएगा और उसी आधार पर मंदिर ट्रस्ट से फ्री वीआईपी पास मिलेगा.

आज (मंगलवार) पहले ही दिन 10 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने रक्तदान कर इस अभियान को समर्थन दिया. यह पहल देश के बड़े धार्मिक स्थलों जैसे- काशी विश्वनाथ मंदिर, तिरुपति बालाजी मंदिर और शिरडी साईबाबा मंदिर की तर्ज पर शुरू की गई है. दरअसल खंडवा मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में रोजाना करीब 80 यूनिट ब्लड की जरूरत होती है लेकिन एक्सचेंज में सिर्फ 50 से 55 यूनिट ही मिल पाता है. सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों के लिए सबसे ज्यादा खून की आवश्यकता पड़ती है. प्रशासन को उम्मीद है कि आस्था से जुड़ी इस पहल से रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और अस्पताल में रक्त की कमी नहीं रहेगी. रक्तदाताओं का स्मृति चिह्न और पटका पहनाकर सम्मान भी किया जा रहा है.

घर बैठे मिलेगा लड्डू महाप्रसाद
अब दूसरी बड़ी पहल की बात करते हैं, जिसके तहत बाबा ओंकारेश्वर का लड्डू महाप्रसाद अब घर बैठे मिलेगा. भारतीय डाक विभाग के माध्यम से प्रसाद देशभर में भेजा जाएगा. श्रद्धालु मंदिर की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग करेंगे और पोस्ट ऑफिस के जरिए महाप्रसाद उनके घर तक पहुंचेगा. प्रसाद के साथ शिव चालीसा, रुद्राक्ष और मंदिर दर्शन कार्ड भी निःशुल्क भेजा जाएगा. मंदिर परिसर में डाक विभाग का अलग काउंटर भी शुरू किया जा रहा है, यानी अब ओंकारेश्वर में आस्था सिर्फ दर्शन तक सीमित नहीं बल्कि सेवा और सुविधा से भी जुड़ गई है.

क्या बोले खंडवा के कलेक्टर?
खंडवा के कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा कि हम देख रहे हैं कि पिछले कुछ समय से एक्सीडेंट के केस बढ़ते जा रहे हैं. इससे हमारे जिला अस्पताल में ब्लड की मांग बढ़ रही है. जिला प्रशासन द्वारा बहुत से प्रयास किए जा रहे हैं, जिनसे जनता को रक्तदान के लिए जागरूक किया जाए और ब्लड की सप्लाई बढ़ाई जा सके. इसी कड़ी में अब ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में भी यह प्रयास किया गया है. जो भी श्रद्धालु वहां रक्तदान करेंगे, उन्हें दर्शन में सुविधा देते हुए प्रोटोकॉल उपलब्ध करवाया जाएगा.

गौरतलब है कि ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में शुरू हुई ये दोहरी पहल अब आस्था को जनसेवा से जोड़ रही है. जहां रक्तदान बनेगा जीवनदान और महाप्रसाद पहुंचेगा हर घर तक.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link