सिंगरौली जिले में एक मजदूर ने हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी दी है। मजदूर का आरोप है कि उसे नौकरी से निकाल दिया गया है और उसका वेतन तथा पीएफ का भुगतान नहीं किया गया है। यह घटना बरगवां थाना क्षेत्र के खरखटा गांव में मंगलवार सुबह हुई। विजय कुमार पनिका नामक यह मजदूर भारत सरकार की मिनी रत्न कंपनी एनसीएल के ब्लॉक-बी में ओबी क्लाउड कंपनी में कार्यरत था। विजय का कहना है कि कंपनी ने उसे नौकरी से बाहर कर दिया और उसकी मजदूरी व पीएफ की राशि का भुगतान भी रोक दिया। इसी बात से आक्रोशित होकर वह टावर पर चढ़ा है। विजय कुमार पनिका सुबह से ही टावर पर चढ़ा हुआ है और खुदकुशी की धमकी दे रहा है। उसने टावर से एक वीडियो भी बनाया है, जिसमें वह अपने गांव का नक्शा दिखाते हुए कह रहा है कि वह अंतिम बार अपने गांव को दिखा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन मौके पर पहुंच गया। बरगवां थाना प्रभारी मोहम्मद समीर ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उन्हें सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और युवक को समझाने का प्रयास कर रही है। संबंधित शास्त्री कंपनी के अधिकारियों को भी इस बारे में सूचित कर दिया गया है। गौरतलब है कि सिंगरौली जिले में हाईटेंशन टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बीते एक महीने में यह चौथी ऐसी घटना है। इससे पहले सोमवार को भी सरई क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई थी, जिसे लगभग आठ घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित नीचे उतारा गया था।
Source link