सीहोर जिला अस्पताल में एक प्रसूता और उसके परिजनों से दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना से नाराज दांगी समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर स्टाफ नर्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। जानकारी के अनुसार, श्यामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक महिला ने पुत्र को जन्म दिया था। नवजात की तबीयत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सीहोर रेफर किया। स्टाफ नर्स पर अभद्र व्यवहार का आरोप परिजनों का आरोप है कि जिला अस्पताल में मौजूद स्टाफ नर्स ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इस व्यवहार से आहत परिजनों को रात में ही नवजात का इलाज निजी अस्पताल में कराना पड़ा। घटना से आक्रोशित दांगी समाज के सदस्यों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नारेबाजी की और आरोपी स्टाफ नर्स के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए दोषी स्टाफ नर्स पर कार्रवाई करने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
Source link