नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार 2.0” के तहत मैहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अनिमेष द्विवेदी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रामवन पथ गमन रोड स्थित जीतनगर मोड़ के पुल के नीचे सर्विस रोड पर घेराबंदी की। घेराबंदी के दौरान काले रंग की डस्टर कार (क्रमांक MP19CC3342) को रोका गया। लगभग 13 लाख मूल्य का सामान जब्त वाहन की तलाशी लेने पर डिग्गी से कुल 27.2 kg अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 10 हजार रुपए है। इसके अतिरिक्त, 221 शीशी कोडीन फॉस्फेट युक्त प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 65 हजार रुपए बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की गई डस्टर कार को भी जब्त कर लिया गया, जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपए है। इस कार्रवाई में कुल मिलाकर करीब 12 लाख 75 हजार रुपए का सामान जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार पुलिस ने कारवाई कर आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट की धारा 8, 20, 21, 22, 29 तथा म.प्र. ड्रग कंट्रोल अधिनियम की धारा 5/13 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में मैहर के ग्राम खैरा निवासी सुरेंद्र पटेल, सतना के नागौद थाना क्षेत्र के पोडी निवासी अंकुश जायसवाल और मैहर के पोडी निवासी अमन कुशवाहा शामिल हैं। मुख्य आरोपी सुरेंद्र उर्फ रामनरेश पटेल के खिलाफ मैहर और सिविल लाइन सतना थानों में जुआ एक्ट, आबकारी एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी मामले दर्ज हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Source link