अंबर नदी में मिली अज्ञात लड़की की लाश: सीहोर के नंदगांव में उतराता दिखा शव; शिनाख्त में जुटी पुलिस, डूबने की आशंका – Sehore News

अंबर नदी में मिली अज्ञात लड़की की लाश:  सीहोर के नंदगांव में उतराता दिखा शव; शिनाख्त में जुटी पुलिस, डूबने की आशंका – Sehore News




सीहोर जिले के भेरूंदा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम नंदगांव के पास अंबर नदी में बुधवार को एक अज्ञात लड़की का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकाला। फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने आसपास के थानों में सूचना भिजवा दी है और शव को सुरक्षित रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। भेरूंदा के एसडीओपी रोशन जैन ने बताया कि बुधवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि नंदगांव के पास अंबर नदी में एक लड़की का शव उतरा रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। आसपास के थानों में दी गई सूचना, शिनाख्त का प्रयास जारी
पुलिस के मुताबिक, अब तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त के लिए जिले और आसपास के सभी थाना क्षेत्रों में सूचना भिजवा दी गई है, लेकिन अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। फिलहाल, शव को सुरक्षित मर्चुरी में रखवाया गया है। प्रथम दृष्टया डूबने से मौत की आशंका, मर्ग कायम
एसडीओपी ने बताया कि परिजनों के मिलने और मृतका की शिनाख्त होने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण स्पष्ट हो सकेगा। प्रथम दृष्टया यह मामला नदी में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। भेरूंदा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।



Source link