इंदौर शहर के तेजी से विस्तार और आगजनी की घटनाओं में बढ़ोतरी को देखते हुए नगर निगम ने एमआर-10 क्षेत्र में बड़ा फायर स्टेशन बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) से 40 हजार वर्गफीट से अधिक जमीन निगम को मिल गई है। प्रस्तावित प्रोजेक्ट पर करीब 3 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए जाएंगे। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, उज्जैन रोड, एमआर-10 और आसपास के कई क्षेत्रों में अब तक फायर स्टेशन नहीं होने से अन्य इलाकों से दमकलों को भेजना पड़ता था। ट्रैफिक जाम के कारण घटनास्थल तक पहुंचने में देरी होती थी। इसी को देखते हुए लंबे समय से यहां जमीन की तलाश की जा रही थी। एमआर-10 पर पुराने टोल नाके के पास आईडीए की खाली जमीन चिन्हित की गई। निगम और प्राधिकरण के अधिकारियों के बीच चर्चा के बाद यह जमीन फायर स्टेशन के लिए निगम को आवंटित कर दी गई है। यहां अत्याधुनिक फायर स्टेशन भवन के साथ बाउंड्रीवॉल, दमकल वाहनों की पार्किंग और कर्मचारियों के लिए आवासीय क्वार्टर बनाए जाएंगे। योजना को अंतिम रूप देने के बाद टेंडर जारी किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार, शहर में फिलहाल गांधी हॉल स्थित मुख्य फायर स्टेशन सहित मोती तबेला, जीएनटी मार्केट, सांवेर रोड, लक्ष्मीबाई नगर, मांगलिया, पीथमपुर और मालनपुर क्षेत्रों में फायर स्टेशन संचालित हैं। हालांकि शहर के नए विकसित इलाकों को देखते हुए चार नए फायर स्टेशन बनाने की योजना पर काम चल रहा है। एमआर-10 पर प्रस्तावित फायर स्टेशन शुरू होने से उज्जैन रोड और आसपास के क्षेत्रों में आगजनी की स्थिति में राहत कार्य तेजी से हो सकेंगे और लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
Source link