ग्वालियर के गोला का मंदिर क्षेत्र में एक युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित जैरवार को गिरफ्तार कर लिया है। युवती ने मंगलवार को थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, 36 वर्षीय युवती की दोस्ती आरोपी अमित जैरवार (निवासी नदी पार टाल) से लगभग दो साल पहले हुई थी। आरोपी ने युवती को शादी का झांसा दिया और इस दौरान उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब भी युवती शादी की बात करती, अमित उसे टाल देता था। लगातार टालमटोल से युवती को शक हुआ। उसने जानकारी जुटाई तो पता चला कि अमित जैरवार पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। इस सच्चाई का पता चलने पर युवती हैरान रह गई। मंगलवार को अमित जैरवार एक बार फिर युवती के घर पहुंचा और उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। युवती ने विरोध किया और जब आरोपी ने जबरदस्ती करने की कोशिश की, तो वह सीधे थाने पहुंची और पूरी घटना पुलिस को बताई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में सीएसपी रॉबिन जैन ने बताया कि शादी का झांस देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
Source link