छिंदवाड़ा जिले के रावनवाड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक बुजुर्ग की कुएं में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना शिव मंदिर के पास स्थित चीफ हाउस की है। परिजनों के मुताबिक, मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और उनका इलाज चल रहा था। फिलहाल पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और यह पता लगाने में जुटी है कि यह कोई हादसा है या आत्महत्या। थाना प्रभारी निरीक्षक कंचन सिंह राजपूत ने बताया कि मृतक की पहचान रावनवाड़ा के फुटबॉल ग्राउंड निवासी सम्पतराव सरनकर (पिता स्व. मंगलेया सरनकर) के रूप में हुई है। बुधवार को सूचना मिली थी कि शिव मंदिर के पास चीफ हाउस के कुएं में एक बुजुर्ग गिर गए हैं। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और शव को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मानसिक रूप से अस्वस्थ थे बुजुर्ग, चल रहा था इलाज
परिजनों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि सम्पतराव सरनकर पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान थे और उनका संतुलन ठीक नहीं रहता था। उनका लता मंगेशकर अस्पताल में इलाज भी चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक स्थिति के चलते वे भटककर कुएं के पास पहुंचे और यह दुखद घटना घट गई। हादसा या खुदकुशी? पीएम रिपोर्ट से खुलेगा राज
पुलिस ने मौके पर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर ली है और शव को पोस्टमार्टम के लिए परासिया के शासकीय अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और अब हर एंगल से जांच कर रही है कि बुजुर्ग दुर्घटनावश कुएं में गिरे या उन्होंने खुदकुशी की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगा।
Source link