Sagar News: सागर का एक सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर समाज सेवा की मिसाल पेश कर रहा है. दूसरे युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बन चुका है. उसके जुनून को देखते हुए दर्जनों युवा इस काम को करने लगे हैं. 25 वर्षीय रामजी लोधी की कहानी बेहद रोचक है. छोटे से गांव किरौला के रहने वाले रामजी डिलीवरी बॉय का काम करते थे. लेकिन, उनको नौकरी से निकाल दिया गया. इसके बाद रामजी ने ब्लॉगिंग करना शुरू कर दिया. उनके वीडियो बेहद जीवंत और सामाजिक होते हैं. शुरू में दिक्कत हुई, लेकिन अब चकाचक कमाई कर रहे हैं.
रामजी ने बताया, कभी 20000 की नौकरी के के लिए भटकते थे, अब महीने भर की उतनी कमाई तो कभी-कभी एक दिन में कर लेते हैं. आगे बताया, उन्होंने 2 साल तक ई-कॉमर्स कंपनी से जुड़कर डिलीवरी बॉय का काम किया. वहां पर 20000 प्लस सैलरी थी. लेकिन, रोजाना 10 से 12 घंटे का काम होता था. ऑफिस के अधिकारियों के ताने सुनने पड़ते थे. गांव का होने की वजह से ज्यादा तवज्जो नहीं देते थे. फिर नौकरी से भी निकाल दिया था. इसी दौरान शादी भी हुई थी तो आर्थिक संकट सामने आ गया था. नौकरी जाने के बाद में अपने गांव वापस लौट गया.
इसी वीडियो से बदली जिंदगी
गांव वापस आने के बाद रामजी ने ब्लॉग बनाना शुरू कर दिया. दो हफ्ते बाद ही उनके द्वारा गर्मी के सीजन में एक सड़क पर मिली चिड़िया को पानी पिलाना और फिर उसका कुछ समय बाद उड़ जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. यहीं से रामजी की जिंदगी पूरी तरह से बदल गई. गर्मी में पानी की कमी से इस तरह से पक्षियों की प्यास बुझाने उन्होंने घड़े बांधना शुरू किया और समाज सेवा की भी शुरुआत हो गई, अब वह ब्लॉगिंग और समाज सेवा साथ-साथ करते हैं.
ऐसे बढ़ा रामजी का काम और नाम
रामजी ने बताया, फेसबुक यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर अलग-अलग अकाउंट्स बनाए हुए हैं. सभी मिलकर उनके एक साल में 46 लाख से अधिक सब्सक्राइबर और फॉलोअर्स हैं. इनकी हर शॉर्ट वीडियो पर लाखों में व्यूज आते हैं. इनके एक चैनल पर हाईएस्ट वीडियो के 356 मिलियन व्यूज हैं. इस वीडियो में उन्होंने एक सड़क पर खुदी हुई नाली को क्रांकिट से भरा था. सबसे ज्यादा वह रोड सेफ्टी को लेकर ही काम करते हैं, जिसमें सड़कों के गड्ढे भरना, अंधे मोड़ पर रिफ्लेक्टर लगाना, डिवाइडर की पुताई करना, रेडियम लगाना जैसे काम के अलावा गायों को चारा खिलाना, पानी की टंकी साफ करना, कहीं कोई दुर्घटना में घायल हो गई तो इलाज करना जैसे काम करते हैं. इसके अलावा मंदिर, स्कूलों में पानी की टंकियां की साफ-सफाई, पुरानी और ऐतिहासिक धरोहर की साफ-सफाई करने वाले भी काम हैं. इस तरह के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किए जा रहे हैं. हर महीने उनकी लाखों में कमाई हो रही है. राम जी बताते हैं कि 8 महीने से उनकी 500 मिलियन की रीच सभी चैनल पर बनी हुई है.
3 महीने में खरीद ली फोर व्हीलर
रामजी बताते हैं कि 1 साल पहले जब उन्होंने इसकी शुरुआत की थी तब 3 महीने में ही फोर व्हीलर खरीद ली थी. अब उनके ग्रुप में लगभग 40 से 50 लड़के हैं, जिसमें लगभग सभी ने अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पेज बना लिए हैं. इसमें 5-10 ऐसे लड़के हैं, जिनकी भी तगड़ी कमाई होने लगी है. इतने भी ग्रुप में लोग हैं, सभी सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. सागर से 30 किलोमीटर दूर स्थित किरौला गांव के रामजी के परिवार में मां, पिता, दादी, पत्नी और एक दो साल की बेटी है. रामजी तीन भाई हैं. वह सबसे बड़े हैं. उनका कहना है कि है बचपन से कुछ बड़ा करने का सपना देख रहे थे जो इस तरह से पूरा हो रहा है.