Last Updated:
Jabalpur Bhopal Highway New Routes: भोपाल को जबलपुर से जोड़ने वाले नेशनल हाईवे 45 पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए ट्रैफिक पुलिस ने तीन नए रास्ते खोल दिए हैं. क्योंकि, हाईवे को खुलने में दो महीने लग सकते हैं. ऐसे में इन रूट से ही सफर तय करना होगा. जानें सब…
Jabalpur News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और संस्कारधानी जबलपुर को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग नेशनल हाईवे 45 पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी और जरूरी खबर है. रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) का एक हिस्सा गिरने की वजह से मुख्य रास्ता बंद है. हालांकि, प्रशासन ने यातायात को सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्लान बनाया है. अगर आप भी इस रूट पर निकलने वाले हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है, बस आपको थोड़ा संभलकर और नए रास्तों का चयन करना होगा.
पहला विकल्प: शहपुरा से लेना होगा कट
पहला और सबसे आसान विकल्प है कि अगर आप भोपाल से जबलपुर की ओर आ रहे हैं, तो नेशनल हाईवे 45 (NH-45) से शहपुरा तक का सफर तय करें. इसके बाद मुख्य मार्ग के बजाय शहपुरा से पाटन होते हुए जबलपुर में एंट्री कर सकते हैं. इस वैकल्पिक रास्ते से आपको सिर्फ 10 किलोमीटर का ज्यादा सफर तय करना होगा.
दूसरा विकल्प: जबलपुर से नरसिंहपुर तक स्टेट हाईवे
दूसरे विकल्प के तौर पर यात्री जबलपुर से नरसिंहपुर तक स्टेट हाईवे का सहारा ले सकते हैं. नरसिंहपुर पहुंचने के बाद आप दोबारा नेशनल हाईवे पकड़कर ‘राजमार्ग’ के पास से NH-45 पर आ सकते हैं, जो आपको सीधे भोपाल की ओर ले जाएगा. यह रास्ता उन लोगों के लिए बेहतर है जो नरसिंहपुर साइड से यात्रा करना चाहते हैं. इसके अलावा लोकल लेवल पर प्रशासन ने ने छोटे और बड़े वाहनों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की है.
तीसरा विकल्प: किरशोद गांव होते हुए खामदेही
कार और बाइक जैसे छोटे वाहनों के लिए किरशोद टोल नाके से किरशोद गांव होते हुए खामदेही और फिर वापस शहपुरा जाने का रास्ता खोला गया है. वहीं, भारी वाहनों (बस और ट्रक) के लिए पाटन बाईपास से पाटन होकर शहपुरा जाने या फिर भेड़ाघाट से पाटन होकर शहपुरा जाने की सलाह दी गई है. यात्री निकलने से पहले इन रास्तों को नोट कर लें ताकि सफर में देरी न हो. लिहाजा NH 45 दोबारा शुरू होने में कम से कम 2 महीने का वक्त लगेगा, जब तक यात्रियों को इन्हीं रास्तों का सहारा लेना होगा.