हिस्ट्रीशीटर भय्यू लाला की पत्नी लापता: एक हफ्ते बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया; गोली लगने से हुई थी मौत – Mandsaur News

हिस्ट्रीशीटर भय्यू लाला की पत्नी लापता:  एक हफ्ते बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया; गोली लगने से हुई थी मौत – Mandsaur News




मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र के सुरजनी गांव में 19 आपराधिक प्रकरणों में वांछित और हिस्ट्रीशीटर आरोपी वाहिद उर्फ भय्यू लाला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के एक सप्ताह बाद बुधवार को पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज की। वहीं मृतक की पत्नी रुखसाना अब घर से लापता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सीतामऊ पुलिस की दबिश के दौरान भय्यू लाला घर के भीतर बेड में छिप गया था। उस समय यह आशंका जताई जा रही थी कि दम घुटने से उसकी मौत हुई होगी। हालांकि बीते शनिवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले को पलट दिया। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि भय्यू लाला की मौत गोली लगने से हुई है। उसे कान के पीछे गोली लगी, जो आंख के पास से बाहर निकली। एडिशनल एसपी हेमलता कुरील ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है और उसमें मृत्यु का कारण गोली लगना बताया गया है। उन्होंने यह भी कहा था कि जब से मामला संज्ञान में आया है, तब से परिजनों द्वारा पुलिस पर आरोप लगाए जा रहे हैं, जबकि पुलिस लगातार इन आरोपों का खंडन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट की गहन जांच की जाएगी और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिजन लगातार पुलिस पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट की और उसी दौरान उसकी हत्या हुई, हालांकि पुलिस इन आरोपों से साफ इनकार कर रही है और मामले की निष्पक्ष जांच की बात कह रही है। पुलिस के सामने कई अहम सवाल
परिजनों का आरोप- पुलिस ने मांगे थे 10 लाख, फिर मार डाला
मृतक के परिजनों ने पुलिस पर ही हत्या का सनसनीखेज आरोप लगाया है। मृतक के बेटे शेरदिल और पत्नी रुखसाना का कहना है कि पुलिस ने घर आकर 10 लाख रुपये की मांग की थी। पैसे नहीं देने पर वे भय्यू को कमरे में ले गए, कुंडी लगाई और मारपीट कर बेड के नीचे दबाकर मार डाला। परिजनों का यह भी आरोप है कि पुलिस घर के सीसीटीवी का डीवीआर (DVR) भी अपने साथ ले गई। वहीं, पुलिस इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर रही है। बाथरूम से मिली पिस्टल, झोलाछाप डॉक्टर का भी रोल
पुलिस की जांच में सामने आया है कि परिजन पहले भय्यू को तितरोद में एक झोलाछाप डॉक्टर (राजाबाबू मंसूरी) के पास ले गए थे, जिसने उसे मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद परिजन शव वापस घर लाए और बेड में रखकर पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए वीडियो बनाया। शनिवार को जब एफएसएल (FSL) टीम ने सीलबंद कमरा दोबारा खोला, तो बाथरूम के गीजर के ऊपर से एक पिस्टल मिलने की खबर है। हालांकि, परिजन इसे पुलिस द्वारा प्लांट की गई झूठी पिस्टल बता रहे हैं। कौन था भय्यू लाला? 3 राज्यों की पुलिस को थी तलाश
वाहिद उर्फ भय्यू लाला कोई आम अपराधी नहीं, बल्कि एक कुख्यात ड्रग्स माफिया था। 2003 से जरायम की दुनिया में उतरे भय्यू पर लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और मादक पदार्थ तस्करी (MD Drugs) के 19 गंभीर केस दर्ज थे। उस पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। मध्य प्रदेश (मंदसौर, नीमच) के अलावा राजस्थान (कोटा, जोधपुर) और महाराष्ट्र (मुंबई, ठाणे) की पुलिस भी उसे सरगर्मी से तलाश रही थी। मुंबई का 10 किलो MD ड्रग्स कनेक्शन
जनवरी 2026 में मुंबई में 23 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़े गए एक आरोपी के तार मंदसौर से जुड़े थे। इसके बाद मुंबई और ठाणे पुलिस ने सुरजनी गांव में दबिश दी थी, लेकिन भय्यू लाला फरार हो गया था। बाद में जावरा से उसके साथियों के पास से 10 किलो एमडी ड्रग्स जब्त की गई थी। इस बड़े ड्रग्स सिंडिकेट में भी भय्यू लाला मुख्य वांटेड था। 20 से अधिक लोगों से पूछताछ, कई राउंडअप पुलिस अब तक परिवार से जुड़े 20 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इनमें पारिवारिक सदस्य और नजदीकी लोग शामिल हैं। साथ ही पुलिस ने कईयों को राउंडअप भी कर रखा है, खबर तो यह भी है कि भय्यू लाला की पत्नी रुखसाना घर से लापता हो गई है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। इस पहलू को भी जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। हालांकि फिलहाल आधिकारिक तौर पर पुलिस इस संबंध में कुछ भी कहने से बच रही है। मामले की तफ्तीश में जुटी एडिशनल एसपी हेमलता कुरील से भास्कर ने संपर्क साधने की कोशिश की तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। हिस्ट्रीशीटर आरोपी की संदिग्ध मौत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने से मौत की पुष्टि के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। एक ओर परिजन पुलिस पर आरोप लगा रहे हैं, तो दूसरी ओर पुलिस हर एंगल से जांच का दावा कर रही है। देखिए तस्वीरें…



Source link