स्टेशन रोड थाना पुलिस ने एक बड़ी वारदात को टालते हुए हथियारों से लैस एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी इमलिया रोड पर किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से घूम रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर जब उसकी तलाशी ली, तो उसकी कमर से 32 बोर की एक लोडेड पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। फिलहाल पुलिस आरोपी से इस अवैध हथियार के सप्लायर को लेकर सख्ती से पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार, इमलिया रोड पर एक संदिग्ध युवक काफी देर से मंडरा रहा था। स्थानीय लोगों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्होंने तुरंत स्टेशन रोड थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर युवक को दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसकी कमर में एक 32 बोर की पिस्टल खोंसी हुई मिली, जिसकी मैगजीन में 2 जिंदा कारतूस पहले से ही लोड थे। बड़ोखर का रहने वाला है आरोपी प्रिंस शर्मा
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम प्रिंस उर्फ योगेंद्र शर्मा बताया है। वह बिजली घर के पास, बड़ोखर का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूरी तैयारी के साथ इमलिया रोड पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा अपराध होने से टल गया। CSP बोलीं- हथियार सप्लायर का लगा रहे पता
सीएसपी दीपाली चंदेरिया ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पकड़ा गया बदमाश प्रिंस इमलिया रोड पर वारदात की नीयत से ही घूम रहा था। पुलिस टीम अब इस बात की गहनता से जांच (लिंक डेवलप) कर रही है कि आरोपी के पास यह 32 बोर की अवैध पिस्टल और कारतूस आखिर कहां से आए। पुलिस उस सप्लायर तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जिसने आरोपी को यह हथियार मुहैया कराया था, ताकि हथियारों की तस्करी के नेटवर्क का खुलासा हो सके।
Source link