CBSE: साइंस में यूट्यूब से जो पढ़ा वही आ गया! परीक्षा देकर आए तो खुश दिखे

CBSE: साइंस में यूट्यूब से जो पढ़ा वही आ गया! परीक्षा देकर आए तो खुश दिखे


Sagar News: सीबीएसई बोर्ड की 10वीं कक्षा की अंतिम परीक्षाएं चल रही हैं. 25 फरवरी को साइंस का पेपर संपन्न हुआ, जिसके बाद छात्रों में उत्साह का माहौल है. अब 27 फरवरी को एआई का पेपर होगा, जिसकी तैयारी में छात्र जुटे हुए हैं. इस बार एमपी बोर्ड हो या सीबीएसई, सभी बोर्डों के छात्र खुश नजर आ रहे हैं. प्रश्न पत्र देखकर वे राहत की सांस ले रहे हैं, क्योंकि सिलेबस से ही प्रश्न आ रहे हैं और तैयारी के अनुरूप पेपर सरल लग रहे हैं.

छात्रों का कहना है कि पूरे साल की पढ़ाई, शिक्षकों और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म्स ने उन्हें मजबूत बनाया है. साइंस के एग्जाम के बाद छात्रों से बातचीत में पता चला कि पेपर अपेक्षा से कहीं अधिक आसान था. अधिकांश छात्रों ने बताया कि उन्होंने 3-4 दिनों के गैप में यूट्यूब पर महत्वपूर्ण प्रश्नों की तैयारी की और वही प्रश्न या उनसे संबंधित सवाल पेपर में आए. इससे बोर्ड परीक्षाओं का डर खत्म हो गया है.

15 मिनट पहले पेपर सॉल्व
छात्र जैस्मिन ने कहा, “साइंस का एग्जाम बहुत इजी था. मॉडरेट क्वेश्चन आए थे, लेकिन पढ़ाई करने वालों के लिए कोई दिक्कत नहीं हुई. 15 मिनट पहले ही पेपर सॉल्व हो गया था.” उसने पूरे साल की तैयारी का जिक्र किया और बताया कि सिलेबस पर फोकस रहने से सब कुछ आसान लगा. दलवीर सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “पेपर बिल्कुल नॉर्मल था। 60 या 70 नंबर तो आ ही जाएंगे. सेट टू था, फिजिक्स थियोरेटिकल थी. सेल्फ स्टडी से तैयारी की थी, कोई मैराथन नहीं देखी. नोट्स साल भर बनते रहे, याद करने के लिए.”

यू-ट्यूब से मिली मदद
रुद्राक्षी राजपूत ने उत्साहित होकर बताया, “आज साइंस का एग्जाम था और इसकी बहुत अच्छी तैयारी की थी. प्रशांत भैया के वीडियो यूट्यूब पर देखी थी, जिसका फायदा पेपर में मिला है. गैप में ही उनको देखकर तैयारी की थी.” उसने यूट्यूब को अपनी सफलता का श्रेय दिया. वंश अग्रवाल ने थोड़ी मिश्रित प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, “पेपर तो अच्छा ही गया है, बस पास हो जाए तो बहुत अच्छा रहेगा. पढ़ाई नहीं कर पाए थे, इसलिए ठीक-ठाक ही रहा. पढ़ाई के दौरान वीडियो देखते रहे, जिसकी वजह से तैयारी नहीं हो पाई, लेकिन 60 नंबर का करके आए हैं. लेकिन अगला जो पेपर एआई का है, उसकी बहुत अच्छी तैयारी है.”

इजी था साइंस पेपर
युवराज ने पेपर को प्रिडिक्टेबल बताया. उन्होंने कहा, “बहुत ही प्रिडिक्टेबल एग्जाम था. मैथ्स का टफ एग्जाम आया था, इसलिए लग रहा था साइंस का भी टफ ही होगा, लेकिन इजी आया. क्वेश्चन भी सिलेबस से आए थे, लेकिन फिजिक्स की थ्योरी वाले थोड़े लेंदी थे. तैयारी भी अच्छी थी, मैराथन भी देखे थे.” राशि चंदेरिया ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा, “तैयारी बहुत अच्छी की थी. यूट्यूब से देखकर तैयारी की थी और जो उन्होंने पढ़ाया था, उसी से आया है. पूरा नंबर का करके आए हैं.” आर्य श्रीवास्तव ने भी यूट्यूब की तारीफ की. उन्होंने बताया, “यूट्यूब पर एक प्रशांत भैया के नाम से चैनल है, जिनको देखकर पिछले तीन दिन से तैयारी कर रहे थे. और उन्होंने जो पढ़ाया, वह सब कुछ आ गया. 70 प्लस नंबर का करके आए हैं.”



Source link