अनूपपुर में पटवारियों की हड़ताल जारी: प्रशासन से सहमति के बावजूद प्रदेशव्यापी आंदोलन की दी चेतावनी – Anuppur News

अनूपपुर में पटवारियों की हड़ताल जारी:  प्रशासन से सहमति के बावजूद प्रदेशव्यापी आंदोलन की दी चेतावनी – Anuppur News




अनूपपुर जिला मुख्यालय में पिछले 15 दिनों से जारी पटवारियों की कलम बंद हड़ताल ने गुरुवार शाम को नया मोड़ ले लिया। जिला प्रशासन द्वारा मांगों पर सहमति जताने के बावजूद पटवारी संघ ने वार्ता को विफल बताया है। संघ ने हड़ताल जारी रखने की घोषणा करते हुए अब इसे प्रदेशव्यापी आंदोलन में बदलने की चेतावनी दी है। दोपहर में पटवारी संघ के छह सदस्यीय दल और जिला प्रशासन के बीच घंटों लंबी वार्ता हुई थी। इस दौरान कलेक्टर हर्षल पंचोली की ओर से पटवारियों की मांगों पर सहमति जताई गई थी। प्रशासन ने नरमी बरतते हुए तीन प्रमुख निर्णय लिए। इनमें जनवरी माह का रुका हुआ वेतन तत्काल जारी करने की अनुमति देना, 12 फरवरी से जारी हड़ताल की अवधि को अर्जित अवकाश में समायोजित करना ताकि सेवा पुस्तिका पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, और हड़ताल के दौरान या उससे पहले निलंबित किए गए पटवारियों को बहाल करना शामिल है। प्रशासनिक अमले का दावा है कि उन्होंने पटवारियों की सभी प्रमुख मांगें मान ली हैं। प्रशासन ने आरोप लगाया कि कुछ पटवारी अपने निजी स्वार्थ के लिए आम पटवारियों को गुमराह कर रहे हैं। प्रशासन के अनुसार, सकारात्मक पहल के बावजूद आंदोलन को अनावश्यक रूप से खींचा जा रहा है, जिससे जिले की राजस्व व्यवस्था ठप पड़ी है। पटवारियों की बहाली की सूचना नहीं पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष चेतन सिंह मरावी ने प्रशासन के दावों को खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी मुख्य मांगें अभी तक पूरी नहीं हुई हैं और निलंबित किए गए 18 पटवारियों की बहाली की सूची उन्हें नहीं दी गई है। मरावी ने घोषणा की कि अनूपपुर के पटवारियों के साथ अब मध्य प्रदेश के सभी जिलों के पटवारी कलम बंद हड़ताल पर रहेंगे। फिलहाल, प्रशासन ने वेतन जारी करने और निलंबन वापसी जैसे कदम उठाकर गेंद पटवारियों के पाले में डाल दी है, लेकिन ‘गुमराह’ करने के आरोपों और प्रदेशव्यापी हड़ताल की चेतावनी ने इस विवाद को अब सरकार बनाम संगठन की प्रतिष्ठा का प्रश्न बना दिया है।



Source link