टीकमगढ़ सांसद ने महामना एक्सप्रेस का समय बदलने की मांग: खजुराहो से सुबह, भोपाल से शाम को चले ट्रेन – Tikamgarh News

टीकमगढ़ सांसद ने महामना एक्सप्रेस का समय बदलने की मांग:  खजुराहो से सुबह, भोपाल से शाम को चले ट्रेन – Tikamgarh News




टीकमगढ़ सांसद और केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने महामना एक्सप्रेस ट्रेन के समय में परिवर्तन की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को एक पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से उन्होंने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए खजुराहो से भोपाल चलने वाली महामना एक्सप्रेस का समय बदलने का आग्रह किया है। केंद्रीय मंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि वर्तमान में ट्रेन संख्या 22164 खजुराहो से शाम 4:30 बजे चलकर रात 11:05 बजे भोपाल पहुंचती है। वहीं, ट्रेन संख्या 22163 भोपाल से सुबह 6:30 बजे रवाना होकर टीकमगढ़ और छतरपुर होते हुए दोपहर 12:55 बजे खजुराहो पहुंचती है। इस समय सारिणी के कारण यात्रियों को भोपाल में अनावश्यक रूप से दो रातें रुकना पड़ता है, जिससे उनका समय और धन दोनों बर्बाद होता है। डॉ. कुमार ने मांग की है कि खजुराहो-भोपाल महामना एक्सप्रेस (22163/22164) की समय सारिणी में बदलाव किया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि ट्रेन खजुराहो से सुबह 5 बजे चलकर सुबह 10:30 से 11 बजे के बीच भोपाल पहुंचे। वापसी में, यह ट्रेन भोपाल से शाम 5-6 बजे के बीच रवाना होकर रात 10:30 से 11 बजे तक खजुराहो पहुंच सके। टीकमगढ़ और छतरपुर क्षेत्र के निवासियों द्वारा खजुराहो-भोपाल महामना एक्सप्रेस ट्रेन के समय में परिवर्तन की मांग लंबे समय से की जा रही है। इस बदलाव से क्षेत्र के लोगों को यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी।



Source link