Last Updated:
Khandwa Narmadeshwar Shivling News: खंडवा जिले में मां नर्मदा से प्राप्त 4.30 टन वजनी प्राकृतिक नर्मदेश्वर शिवलिंग की स्थापना की जा रही है. इसे जिले का सबसे बड़ा और वजनी शिवलिंग माना जा रहा है और इसकी स्थापना संत विभू जी महाराज के मार्गदर्शन में आनंद धाम परिसर में हो रही है. परिसर में मंदिर, संत निवास, गौशाला और भोजन प्रसादी केंद्र भी विकसित किए जाएंगे. श्रद्धालुओं का मानना है कि इस शिवलिंग के दर्शन से विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा और शांति का अनुभव होगा. जानिए इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन से जुड़ी पूरी जानकारी और क्या खास है इस विशाल शिवलिंग में.
Khandwa News: खंडवा जिले में इन दिनों एक ऐसा आध्यात्मिक क्षण देखने को मिल रहा है, जिसे लोग वर्षों तक याद रखेंगे. मां नर्मदा से प्राप्त 4.30 टन वजनी प्राकृतिक नर्मदेश्वर शिवलिंग की स्थापना इंदौर रोड स्थित सीएच रेजिडेंसी कॉलोनी के आनंद धाम परिसर में की जा रही है. इसे जिले का अब तक का सबसे बड़ा और वजनी शिवलिंग माना जा रहा है.
मां नर्मदा से मिला नर्मदेश्वर महादेव
धार्मिक मान्यता है कि नर्मदा का हर कंकड़ भगवान शिव का स्वरूप होता है. ऐसे में मां नर्मदा से प्राप्त यह विशाल शिवलिंग श्रद्धालुओं के लिए खास महत्व रखता है. इसका आकार करीब 4.30 फीट चौड़ा और लगभग 4 फीट गोलाई में है. जब इसे क्रेन से तौला गया तो वजन 4.30 टन से ज्यादा निकला. इसी आधार पर इसे खंडवा जिले का सबसे विशाल प्राकृतिक शिवलिंग बताया जा रहा है.
संत विभू जी महाराज के मार्गदर्शन में स्थापना
इस दिव्य शिवलिंग की स्थापना संत विभू जी महाराज के सान्निध्य में हो रही है. वे पहले भी कई शिवलिंगों की प्राण प्रतिष्ठा कर चुके हैं. उनका कहना है कि आनंद धाम परिसर को आने वाले समय में एक बड़े आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा. यहां भविष्य में गंडकी नदी से प्राप्त शालिग्राम भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि यह स्थान साधना और भक्ति का केंद्र बने.
आनंद धाम बनेगा धार्मिक धाम
सीएच ग्रुप के एमडी शुभम जैन के अनुसार, परिसर में नर्मदेश्वर महादेव मंदिर के साथ संत निवास, गौशाला और भोजन प्रसादी केंद्र भी बनाया जाएगा. श्रद्धालुओं को यहां पूजा-अर्चना के साथ सेवा सुविधाएं भी मिलेंगी. कोलोनाइज़र अभय जैन का कहना है कि संतों के मार्गदर्शन में इस स्थल का विकास किया जा रहा है और भविष्य में यहां नियमित धार्मिक आयोजन होंगे.
जिले के लिए गर्व का पल
इतने विशाल प्राकृतिक शिवलिंग की स्थापना को खंडवा के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है. श्रद्धालुओं का विश्वास है कि मां नर्मदा से प्राप्त इस शिवलिंग के दर्शन से विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा और शांति का अनुभव होगा. आने वाले समय में आनंद धाम परिसर जिले का प्रमुख धार्मिक केंद्र बन सकता है.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें