कोलंबो. न्यूजीलैंड की टीम टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 मैच में इंग्लैंड के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करके सेमीफाइनल में जगह पक्की करने उतरेगी. कीवी टीम ने पिछले मैच में श्रीलंका के खिलाफ अपने स्पिनरों के दम पर बड़ी जीत दी थी. इंग्लैंड पहले ही दोनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच चुका है, लेकिन यह मैच उसके लिए भी जरूरी है, क्योंकि इससे ग्रुप में टॉप टीम तय होगी. श्रीलंका के खिलाफ 61 रन की जीत से न्यूजीलैंड सेमीफाइनल के करीब है, क्योंकि उसका नेट रन रेट अच्छा हो गया है. न्यूजीलैंड का नेट रन रेट +3.050 है और उसे अगले मैच में बस यह देखना है कि अगर इंग्लैंड से हार भी जाए तो हार का अंतर कम रहे. दूसरी ओर, इंग्लैंड से हार के बाद पाकिस्तान का नेट रन रेट -0.461 हो गया है. पाकिस्तान को न्यूजीलैंड की बड़ी हार की उम्मीद करनी होगी और साथ ही श्रीलंका को अपने आखिरी मैच में बड़े अंतर से हराना होगा.
न्यूजीलैंड ने साबित किया है कि वह श्रीलंका के खिलाफ छह स्पिनरों के साथ खेलने में सहज था और इसी वजह से उसने बड़ी जीत हासिल की. इस मैच में न्यूजीलैंड के स्पिनरों और इंग्लैंड के बल्लेबाजों के बीच दिलचस्प मुकाबला हो सकता है. पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाने वाले कप्तान हैरी ब्रूक और ऑलराउंडर विल जैक्स दोनों ने ही साइम अयूब, मोहम्मद नवाज और शादाब खान जैसे स्पिनरों के सामने अच्छा खेल दिखाया था, लेकिन अब उनके सामने न्यूजीलैंड की चुनौती है, जिसके स्पिनर मिचेल सैंटनर, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स और कोल मैककॉन्ची प्रेमदासा स्टेडियम की पिच पर ज्यादा असरदार हो सकते हैं.
सेमीफाइनल का टिकट कटाने उतरेगा न्यूजीलैंड.
ब्रूक अच्छी फॉर्म में हैं, लेकिन जोस बटलर को अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा. उन्होंने अभी तक टूर्नामेंट में खास नहीं किया है. बटलर की अच्छी शुरुआत से इंग्लैंड की स्थिति बेहतर हो जाएगी. दूसरी तरफ जैक्स की ऑफ स्पिन और लियाम डॉसन की लेफ्ट आर्म स्पिन भी चुनौतीपूर्ण हो सकती है. प्रेमदासा की पिच पर अगर स्पिनर गेंदबाजी कर रहे हों तो 165 से 175 के बीच का स्कोर जीत के लिए काफी हो सकता है.
न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रविंद्र ने श्रीलंका के खिलाफ बल्लेबाजी और गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया और कहा कि भले ही उनका स्पिन अटैक मजबूत है, लेकिन इंग्लैंड को हल्के में लेना गलती होगी. रविंद्र ने कहा, ऐसे मैच में खेलने का आत्मविश्वास रहता है, खासकर जब हमें पिच का अंदाजा हो. लेकिन मुझे लगता है कि इंग्लैंड को कभी भी हल्के में लेना बेवकूफी होगी. उन्होंने कहा, उनकी टीम काफी अच्छी है. उनके गेंदबाज अच्छा कर रहे हैं और उनके पास बल्लेबाजी में नीचे तक वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी हैं. लेकिन रविंद्र को पता है कि शुक्रवार को न्यूजीलैंड के लिए नई चुनौती होगी.’ रविंद्र ने कहा, श्रीलंका के खिलाफ जीत से हमारा मनोबल बढ़ा है, लेकिन हम जानते हैं कि दो दिन बाद हमारे सामने अलग चुनौती होगी. उम्मीद है कि हम इसके लिए पूरी तरह तैयार रहेंगे.’
इंग्लैंड की टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, फिल साल्ट (विकेटकीपर), बेन डकेट, सैम करेन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, रेहान अहमद, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टोंग, ल्यूक वुड.
न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, टिम सीफर्ट, डेवोन कॉनवे, मार्क चैपमैन, कोल मैककॉन्ची, डैरिल मिचेल, जेम्स नीशम, रचिन रविंद्र, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, इश सोढ़ी. मैच शुरू होने का समय: शाम सात बजे.