बालाघाट में तेंदुए ने किया युवक पर हमला: कटंगी में वनकर्मी से मारपीट, ग्रामीणों में आक्रोश – Balaghat (Madhya Pradesh) News

बालाघाट में तेंदुए ने किया युवक पर हमला:  कटंगी में वनकर्मी से मारपीट, ग्रामीणों में आक्रोश – Balaghat (Madhya Pradesh) News




बालाघाट के कटंगी स्थित बिसापुर में बुधवार देर रात एक तेंदुए ने घर के सामने घूम रहे युवक दिनेश उइके (पिता दिलीप उइके) पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के दौड़ने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एक वनरक्षक के साथ मारपीट की। घटनाक्रम के अनुसार, दिनेश उइके अपने घर के सामने थे तभी जंगल से आए तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। हमले में दिनेश के शरीर और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल संजीवनी 108 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटंगी ले जाया गया। डॉ. गौरी शंकर पटले ने प्राथमिक उपचार के बाद दिनेश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। तेंदुए के हमले और वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर बिसापुर के ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वनरक्षक की पिटाई कर दी, जिसके बाद वनरक्षक एक कमरे में छिप गए। वन विभाग की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वनरक्षक को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। कटंगी क्षेत्र में वन्यप्राणियों के बढ़ते हमलों से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश दोनों है। यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 16 मई 2025 को भी कटंगी परिक्षेत्र के गोरेघाट बीट की कुड़वा कॉलोनी में 55 वर्षीय प्रकाश पाने की बाघ के हमले से मौत हो गई थी। उस समय भी आक्रोशित ग्रामीणों ने वनकर्मी गुलाबसिंह उइके के साथ मारपीट की थी। क्षेत्र में वन्यप्राणियों के बढ़ते हमले और उनकी मौतों ने वन्यप्राणियों और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन विभाग और प्रशासन ने लोगों से वन क्षेत्र के आसपास सतर्क रहने और आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की है।



Source link