सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र स्थित गनियारी प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात को पुलिस ने महज 48 घंटों में सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में मोरवा थाने के एक शातिर निगरानी बदमाश सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी किया गया मशरूका भी बरामद कर लिया गया है। सरकारी आवास के पड़ोस में ही की चोरी मुख्य आरोपी प्रिंस गुप्ता मोरवा थाने का निगरानी बदमाश है और वर्तमान में उसे नगर निगम द्वारा गनियारी की पीएम आवास कॉलोनी में ही कमरा आवंटित किया गया था। वह यहां अपने परिवार के साथ रह रहा था। 24 फरवरी की रात आरोपी ने अपने ही आवासीय परिसर के एक सूने मकान को निशाना बनाया और खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुआ। वह वहाँ से इन्वर्टर, बैटरी और टेबल लेकर फरार हो गया था। मुखबिर और तकनीकी साक्ष्य से पकड़ाए घटना की शिकायत मिलने के बाद बैढ़न थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर प्रिंस गुप्ता को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी में शामिल दूसरे साथी को भी पकड़ा, जो सामान को ठिकाने लगाने में मदद कर रहा था। 15 हजार का सामान बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया करीब 15 हजार रुपए का सामान बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी प्रिंस का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और अब उसके खिलाफ बैढ़न थाने में भी मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
Source link