विदिशा जिले में अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देश पर खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने अटारी खेजड़ा क्षेत्र में छापा मारा। इस दौरान बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर और रिफिलिंग उपकरण जब्त किए गए। जिला आपूर्ति अधिकारी अनिल तंतुवाय ने बताया कि कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मिताली मेहरा और सहायक आपूर्ति अधिकारी पिंकी शाक्य के नेतृत्व में टीम ने राजेश कुमार दांगी के निवास पर दबिश दी। जांच में वहां अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का कार्य संचालित होना पाया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 22 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इनमें 11 भरे हुए घरेलू सिलेंडर, 4 आंशिक भरे घरेलू सिलेंडर, 3 व्यावसायिक सिलेंडर और 5 छोटे सिलेंडर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, मौके से नोजल पाइप सहित 2 गैस रिफिलिंग मशीनें और 12 घरेलू गैस उपभोक्ताओं की पासबुक भी जब्त की गईं। जब्त की गई सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 66 हजार रुपए बताया गया है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने जानकारी दी कि जांच में आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी एक्ट) के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया है। संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि अवैध गैस रिफिलिंग, कालाबाजारी और उपभोक्ताओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इसका उद्देश्य आम उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित करना है।
Source link