शिवपुरी मार्केट में होली की रौनक, हर्बल रंगों और अनोखी पिचकारियों से सजा बाजार

शिवपुरी मार्केट में होली की रौनक, हर्बल रंगों और अनोखी पिचकारियों से सजा बाजार


Last Updated:

Holi Herbal Color: दुकानदारों ने दावा किया कि यह रंग फूलों और प्राकृतिक सामग्री से तैयार किए गए हैं, जिसमें किसी भी तरह के हानिकारक रसायन का इस्तेमाल नहीं किया गया है. त्वचा और आंखों को नुकसान से बचाने के लिए लोग अब केमिकल रंगों से दूरी बना रहे हैं.

शिवपुरी. मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में होली का पर्व नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है. शहर के प्रमुख बाजारों में रंग, गुलाल और पिचकारियों से सजी दुकानें लोगों को आकर्षित कर रही हैं. खासतौर पर कोर्ट रोड का बाजार इन दिनों रंगों और आकर्षक पिचकारियों से सजा नजर आ रहा है. दुकानदार इस बार हर्बल गुलाल पर विशेष जोर दे रहे हैं, जिसे प्राकृतिक सामग्री से तैयार किया गया है. ग्राहकों का कहना है कि वे बच्चों के लिए सुरक्षित और केमिकल मुक्त रंगों को ही प्राथमिकता दे रहे हैं. बाजार में सुबह से ही खरीदारों की भीड़ देखने को मिल रही है और पूरा क्षेत्र होली के रंग में रंगा नजर आ रहा है.

स्थानीय निवासी मनोज लोधी ने लोकल 18 से कहा कि वह अपने बच्चों के लिए पिचकारी और रंग खरीदने कोर्ट रोड आए हैं. यहां जैन हर्बल रंगों और पिचकारी के थोक विक्रेता हैं, जहां उचित दाम पर सामान मिल जाता है. यहां मिलने वाले हर्बल रंगों की गुणवत्ता अच्छी होती है. यहां सालभर कर्मचारी हर्बल उत्पाद तैयार करने में लगे रहते हैं.

गुलाल का कोई साइड इफेक्ट नहीं
कोर्ट रोड पर मिल रहा हर्बल गुलाल इस बार खास रहने वाला है. दुकानदारों का दावा है कि यह गुलाल फूलों और प्राकृतिक सामग्री से तैयार किया गया है, जिसमें किसी प्रकार के हानिकारक रसायन का उपयोग नहीं किया गया है. त्वचा और आंखों को नुकसान से बचाने के लिए लोग केमिकल रंगों से दूरी बना रहे हैं. अभिभावक विशेष रूप से बच्चों के लिए हर्बल गुलाल ही खरीद रहे हैं. ग्राहकों का कहना है कि इससे न तो एलर्जी होती है और न ही त्वचा पर जलन. सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल होने के कारण हर्बल गुलाल की मांग लगातार बढ़ती जा रही है.

गदा, तलवार और हथौड़े वाली पिचकारी
होली बाजार में इस बार अनोखे डिजाइन की पिचकारियां बच्चों को खूब लुभा रही हैं. गदा, तलवार और हथौड़े के आकार की पिचकारियां आकर्षक दिखाई दे रही हैं. बच्चे इन अलग-अलग आकृतियों वाली पिचकारियों को लेकर खासा उत्साहित नजर आ रहे हैं. दुकानदारों का कहना है कि हर साल नई डिजाइन की पिचकारियां बाजार में लाई जाती हैं लेकिन इस बार धार्मिक और वीरता प्रतीकों से प्रेरित डिजाइन ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं. मजबूत प्लास्टिक से बनी ये पिचकारियां रंगों की बौछार के साथ बच्चों के लिए मनोरंजन का भी साधन बन रही हैं.



Source link