सतना में किसान की जेब से 40 हजार रुपए चोरी: बेटे की शादी की खरीदारी करने जा रहे थे, ऑटो में सफर के दौरान कटी जेब – Satna News

सतना में किसान की जेब से 40 हजार रुपए चोरी:  बेटे की शादी की खरीदारी करने जा रहे थे, ऑटो में सफर के दौरान कटी जेब – Satna News




सतना में बेटे की शादी की खरीदारी करने आए एक किसान रामप्रसाद साहू (55) की जेब कट गई। बुधवार शाम कोलगवां थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में उनकी पैंट की अंदरूनी जेब से 40 हजार रुपये चोरी हो गए। रामप्रसाद साहू बांधी मौहार, रैगांव के निवासी हैं और विशेष रूप से शादी की तैयारी के लिए शहर आए थे। भीड़भाड़ वाले ऑटो में वारदात जानकारी के अनुसार, रामप्रसाद साहू अपने गांव से बस द्वारा सेमरिया चौराहा बस स्टैंड पहुंचे थे। वहां से वह टिकुरिया टोला बायपास की ओर जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुए। ऑटो में काफी भीड़ थी। इसी भीड़ का फायदा उठाकर एक अज्ञात युवक ने उनकी जेब पर हाथ साफ कर दिया। सफर के दौरान उन्हें चोरी का बिल्कुल भी आभास नहीं हुआ। जेबकतरे ने बड़ी सफाई से वारदात को अंजाम दिया। उतरते ही हुआ चोरी का पता ऑटो से उतरने के बाद जब रामप्रसाद ने पैसे निकालने के लिए जेब में हाथ डाला, तो जेब खाली देखकर वह हैरान रह गए। अंदरूनी जेब से पूरे 40 हजार रुपये गायब थे। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों से मदद मांगी, लेकिन तब तक जेबकतरा मौके से फरार हो चुका था। पुलिस ने शुरू की जांच आनन-फानन में पीड़ित किसान कोलगवां थाना पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने की कोशिश की जाएगी।



Source link